सपना चौधरी को कोर्ट से बड़ी राहत, पति वीर साहू पर संपर्क करने पर रोक

KNEWS DESK- हरियाणवी सिंगर और डांसर सपना चौधरी के घरेलू हिंसा मामले में दिल्ली की द्वारका महिला कोर्ट ने बड़ा अंतरिम आदेश दिया है। कोर्ट ने उनके पति वीर साहू को अगली सुनवाई तक सपना चौधरी से किसी भी तरह संपर्क करने या उनके पास जाने से रोक दिया है।

यह मामला ‘घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम’ के तहत दायर याचिका से जुड़ा है, जिस पर सुनवाई ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट निधि सिंह कर रही थीं। सपना चौधरी की ओर से उनकी वकील प्रीति सिंह ने अदालत में याचिका दाखिल कर सुरक्षा की मांग की थी। इसमें कहा गया था कि अगर तुरंत राहत नहीं दी गई तो इससे उनकी सुरक्षा, गरिमा और पेशेवर कामों पर गंभीर असर पड़ सकता है।

कोर्ट ने याचिका के साथ पेश किए गए दस्तावेज, हलफनामे, चोटों की तस्वीरें और इलेक्ट्रॉनिक सबूतों पर विचार करने के बाद यह अंतरिम सुरक्षा आदेश जारी किया। अदालत ने साफ कहा कि वीर साहू अगली सुनवाई तक सपना चौधरी से किसी भी प्रकार का संपर्क नहीं करेंगे।

यह मामला तब सामने आया जब सपना चौधरी ने अदालत में आरोप लगाया कि उनके पति ने उनके साथ कई बार मारपीट की और सार्वजनिक रूप से हंगामा किया। उन्होंने यह भी बताया कि वह पहले ही अपने पति से अलग रह रही हैं और घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज कर चुकी हैं।

सपना चौधरी और वीर साहू ने वर्ष 2020 में कोर्ट मैरिज की थी। दोनों लंबे समय तक रिलेशनशिप में रहने के बाद शादी के बंधन में बंधे थे और उनके दो बेटे हैं।

फिलहाल कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 25 जुलाई तय की है। इस बीच सपना चौधरी को कानूनी राहत मिलने के बाद मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *