KNEWS DESK- हरियाणा के हांसी जिले में जिम संचालक कपिल की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। गुरुवार सुबह हुई इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो संदेश वायरल हुआ है, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का दावा करने वाले व्यक्ति ने हत्या की जिम्मेदारी लेने की बात कही है। हालांकि पुलिस अभी इस ऑडियो की सत्यता की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 5:30 बजे कपिल अपने जिम के बाहर लोगों को एक्सरसाइज करा रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो हमलावर मौके पर पहुंचे और बेहद करीब से उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि महज कुछ सेकंड के भीतर करीब 10 गोलियां चलाई गईं, जिससे कपिल की मौके पर ही मौत हो गई।
गोलीबारी के दौरान वहां मौजूद एक युवती भी घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
हत्या के बाद वायरल हुए कथित ऑडियो में दावा किया गया है कि कपिल का नाम पहले हुई एक गोलीबारी की घटना से जुड़े कुछ लोगों के समर्थन में सामने आया था। ऑडियो में यह भी कहा गया कि उसे पहले चेतावनी दी गई थी, लेकिन उसने उसे गंभीरता से नहीं लिया।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, वायरल ऑडियो और अन्य सबूतों के आधार पर जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।