यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा का दूसरा दिन आज, पहले दिन 2.39 लाख अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती-2025 परीक्षा का दूसरा दिन मंगलवार को आयोजित किया जा रहा है। प्रदेश के सभी 75 जिलों में बनाए गए 1183 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा संपन्न कराई जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी।

परीक्षा के पहले दिन सोमवार को दो पालियों में कुल 9.62 लाख अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए बुलाया गया था, लेकिन केवल 7.23 लाख अभ्यर्थी ही उपस्थित हुए। करीब 2.39 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा नहीं लिया।

परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड की जांच, बायोमेट्रिक सत्यापन और रेटिना स्कैन किया गया। कई जिलों में विशेष तलाशी अभियान भी चलाया गया। झांसी में अभ्यर्थियों के जूते-मोजे उतरवाकर जांच की गई, जबकि सहारनपुर में सोने की चेन और चश्मे तक उतरवाए गए। जौनपुर में महिला अभ्यर्थियों के जूड़े खुलवाकर जांच की गई और कानपुर में लंबे बाल एवं दाढ़ी वाले अभ्यर्थियों की विशेष चेकिंग की गई।

इस बीच नकल रोकने के प्रयासों के तहत हापुड़ में एक अभ्यर्थी मोबाइल फोन के साथ पकड़ा गया। मामले में लापरवाही सामने आने पर दो दरोगाओं सहित छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। वहीं गोरखपुर में भी एक अभ्यर्थी मोबाइल फोन के साथ पकड़ा गया।

परीक्षा से जुड़ी एक दुखद घटना बाराबंकी में सामने आई, जहां परीक्षा देकर लौट रही एक युवती की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अनुसार 8, 9 और 10 जून को आयोजित होने वाली इस भर्ती परीक्षा में 28 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रोडवेज बसों में किराए पर 50 प्रतिशत छूट देने की घोषणा की है। इसके लिए अभ्यर्थियों को अपना प्रवेश पत्र दिखाना होगा।

प्रशासन का दावा है कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *