KNEWS DESK – बॉलीवुड अभिनेत्री Kangana Ranaut अपनी नई फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ के जरिए एक ऐसी सच्ची कहानी दर्शकों के सामने लाने जा रही हैं, जिसने देश को साहस और मानवता का अनूठा उदाहरण दिया था। फिल्म का ट्रेलर रिलीज हो चुका है और इसे दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।
यह फिल्म 26/11 मुंबई आतंकी हमले के दौरान अद्भुत बहादुरी दिखाने वाली नर्स अंजलि कुलथे की जिंदगी पर आधारित है। उस भयावह रात जब आतंकियों ने मुंबई को दहला दिया था, तब अंजलि कुलथे ने अपनी सूझबूझ और साहस से कई जिंदगियों को बचाने में अहम भूमिका निभाई थी।
मौत के साये में दिखाई बहादुरी
26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमले के दौरान जब गोलियों और धमाकों की आवाजें कामा अस्पताल तक पहुंचीं, तब अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल था। ऐसे मुश्किल समय में अंजलि कुलथे ने घबराने के बजाय जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने अस्पताल में मौजूद करीब 20 गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
बताया जाता है कि उन्होंने सभी को एक कमरे में शिफ्ट कर लाइटें बंद कर दीं और पूरी सावधानी के साथ उन्हें सुरक्षित रखा। बाहर आतंकियों का आतंक जारी था, लेकिन अंजलि अपने कर्तव्य पर डटी रहीं और कई लोगों की जान बचाने में सफल रहीं।
जांच में भी निभाई अहम भूमिका
हमले के बाद अंजलि कुलथे केवल एक बहादुर नर्स के रूप में ही नहीं, बल्कि मामले की महत्वपूर्ण गवाह के रूप में भी सामने आईं। उन्होंने अदालत में गवाही देकर जांच एजेंसियों की मदद की और आतंकवादी अजमल कसाब के खिलाफ मजबूत सबूत पेश करने में योगदान दिया।
12 जून को रिलीज होगी फिल्म
‘भारत भाग्य विधाता’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि उन डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों को श्रद्धांजलि है, जिन्होंने संकट की घड़ी में लोगों की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डाली। फिल्म में कंगना रनौत अंजलि कुलथे के किरदार को पर्दे पर जीवंत करती नजर आएंगी।
फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। मेकर्स को उम्मीद है कि यह कहानी दर्शकों को न सिर्फ भावुक करेगी, बल्कि देश के उन गुमनाम नायकों से भी रूबरू कराएगी, जिन्होंने मुश्किल वक्त में असाधारण साहस का परिचय दिया।