शिक्षा के क्षेत्र को अखाड़ा मत बनाइए……. खान सर, रौशन सर विवाद में कूदे पप्पू यादव

Knews Desk- पटना में चर्चित शिक्षकों खान सर और रौशन आनंद के बीच चल रहे विवाद ने अब राजनीतिक रंग भी ले लिया है। इस मामले में पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव की एंट्री हो गई है। उन्होंने दोनों शिक्षकों से संयम बरतने और विवाद खत्म करने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र को लड़ाई-झगड़े का अखाड़ा नहीं बनाया जाना चाहिए।

पप्पू यादव ने भावुक अंदाज में कहा कि खान सर और रौशन सर दोनों उनके लिए बेहद सम्मानित हैं। उन्होंने हाथ जोड़कर दोनों पक्षों से विवाद समाप्त करने की अपील की और कहा कि यदि किसी से कोई गलती हुई है तो उसे भुलाकर आगे बढ़ना चाहिए। सांसद ने कहा कि समाज में नफरत फैलाने के बजाय शिक्षा और छात्रों के हित को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

दरअसल, यह पूरा विवाद पटना में खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर हुई फायरिंग और तोड़फोड़ की घटना के बाद और ज्यादा चर्चा में आया। घटना के बाद दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच सोशल मीडिया पर भी तीखी बयानबाजी देखने को मिली। पुलिस इस मामले में कई लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है और जांच जारी है।

पप्पू यादव ने कहा कि खान सर को देशभर में सम्मान मिलता है और रौशन आनंद भी शिक्षा जगत का जाना-पहचाना नाम हैं। ऐसे में दोनों को बड़ा दिल दिखाकर छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखना चाहिए। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे इस विवाद को जाति, राजनीति या व्यक्तिगत दुश्मनी का रूप न दें।

हाल के दिनों में यह विवाद शिक्षा से निकलकर जाति और राजनीति की बहस तक पहुंच गया है, जिस पर कई सामाजिक और राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। ऐसे माहौल में पप्पू यादव की अपील को दोनों पक्षों के बीच सुलह की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *