जंतर-मंतर के लिए एयरपोर्ट से रवाना हुए अभिजीत दिपके, दिल्ली पुलिस से मिली प्रदर्शन की अनुमति

Knews Desk– सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति मिल गई है। यह संगठन शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहा है। प्रदर्शन शनिवार सुबह 10 बजे शुरू होने की जानकारी दी गई है।

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके भी इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंच चुके हैं। संगठन पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को जोड़ रहा है और शिक्षा सुधार की मांग उठा रहा है। प्रदर्शन का मुख्य फोकस परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना बताया जा रहा है।

प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कई जगह बैरिकेडिंग की गई है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

कॉकरोच जनता पार्टी ने अपने समर्थकों से शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। संगठन ने लोगों को राष्ट्रीय ध्वज और किताबें लेकर आने तथा किसी भी तरह की हिंसा या उकसावे से दूर रहने की सलाह दी है।

हाल के दिनों में यह संगठन युवाओं के बीच तेजी से चर्चा का विषय बना है। सोशल मीडिया पर लाखों समर्थक जुटाने के बाद अब यह पहली बार बड़े स्तर पर सड़क पर उतरकर अपनी मांगों को आवाज देने जा रहा है। प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *