KNEWS DESK – अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘दृश्यम 3’ को लेकर फैंस के बीच उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। फिल्म की शूटिंग और प्रोडक्शन का काम लगभग पूरा हो चुका है और अब मेकर्स पोस्ट-प्रोडक्शन पर फोकस कर रहे हैं। इसी बीच फिल्म से जुड़ा एक बड़ा अपडेट सामने आया है, जिसने दर्शकों की एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘दृश्यम 3’ के लिए मशहूर संगीतकार रवि बसरूर को जोड़ा गया है। रवि बसरूर इससे पहले ‘केजीएफ’, ‘सलार’, ‘मार्को’ और ‘टॉक्सिक’ जैसी चर्चित फिल्मों में अपने संगीत का दम दिखा चुके हैं। उनकी एंट्री को फिल्म के लिए बड़ा प्लस पॉइंट माना जा रहा है।
अजय और रवि की जोड़ी फिर साथ
यह पहली बार नहीं है जब रवि बसरूर और अजय देवगन किसी प्रोजेक्ट पर साथ काम कर रहे हैं। इससे पहले दोनों ‘भोला’ और ‘सिंघम अगेन’ जैसी फिल्मों में भी साथ काम कर चुके हैं। ऐसे में मेकर्स को उम्मीद है कि उनकी म्यूजिक शैली फिल्म के सस्पेंस और थ्रिल को और मजबूत बनाएगी।
‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की खास बात यह रही है कि हर फिल्म में संगीत को नया टच देने की कोशिश की गई। पहली फिल्म में संगीत की जिम्मेदारी विशाल भारद्वाज ने संभाली थी, जबकि ‘दृश्यम 2’ में देवी श्री प्रसाद को चुना गया। अब तीसरे पार्ट में रवि बसरूर के आने से फिल्म का बैकग्राउंड स्कोर और भी दमदार होने की उम्मीद है।
हिंदी और मलयालम वर्जन में होगा बड़ा अंतर
फिल्म के निर्देशक अभिषेक पाठक पहले ही संकेत दे चुके हैं कि अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ और मोहनलाल की मलयालम फिल्म का भावनात्मक आधार भले समान हो, लेकिन दोनों फिल्मों की प्रस्तुति अलग होगी। जहां मलयालम वर्जन को फैमिली ड्रामा के रूप में पेश किया गया, वहीं हिंदी संस्करण को फैमिली थ्रिलर का रूप दिया जा रहा है।
मेकर्स का मानना है कि हिंदी दर्शकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए कहानी और स्क्रीनप्ले में कई बदलाव किए गए हैं, जिससे फिल्म एक अलग अनुभव दे सके।
मोहनलाल की फिल्म ने दिखाई ताकत
उधर, मोहनलाल स्टारर ‘दृश्यम 3’ भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने दुनियाभर में 230 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है। खास बात यह है कि इसकी सबसे बड़ी कमाई विदेशी बाजारों से आई है।
अब सभी की नजरें अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ पर टिकी हैं, जो 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। फिल्म को लेकर जिस तरह की तैयारियां चल रही हैं, उससे साफ है कि मेकर्स इसे साल की सबसे बड़ी थ्रिलर फिल्मों में शामिल करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।