इब्राहिम ने पलक को छिपाने की खूब की कोशिश, लेकिन पैपराजी ने कर लिया कैप्चर

KNEWS DESK – बॉलीवुड के चर्चित स्टार किड्स में शामिल इब्राहिम अली खान और टीवी अभिनेत्री श्वेता तिवारी की बेटी पलक तिवारी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। लंबे समय से दोनों के रिलेशनशिप की खबरें सामने आती रही हैं, हालांकि दोनों ने कभी भी अपने रिश्ते को सार्वजनिक रूप से स्वीकार नहीं किया। अब एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने एक बार फिर दोनों की डेटिंग की चर्चाओं को हवा दे दी है।

बताया जा रहा है कि इब्राहिम अली खान और पलक तिवारी मुंबई के जुहू स्थित एक मल्टीप्लेक्स में फिल्म देखने पहुंचे थे। मूवी खत्म होने के बाद जब दोनों मॉल से बाहर निकल रहे थे, तभी वहां पैपराजी पहुंच गए। कैमरों को देखकर दोनों ने खुद को छिपाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान जो कुछ हुआ, वह सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि इब्राहिम अली खान फोन पर बात करते हुए बाहर निकल रहे थे। जैसे ही उनकी नजर कैमरों पर पड़ी, वह थोड़ा असहज नजर आए। इसी दौरान उन्होंने पलक तिवारी को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की। इसके बाद दोनों तेजी से कैमरों से बचने का प्रयास करते दिखाई दिए।

https://x.com/JeetN25/status/2062226965831327991?

पलक तिवारी भी कैमरों के सामने आने से बचती नजर आईं। वीडियो में वह जल्दी-जल्दी दूसरी दिशा में जाती दिख रही हैं। हालांकि, पैपराजी ने उन्हें कई एंगल से कैप्चर कर लिया। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद यूजर्स की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

कुछ लोगों ने इब्राहिम को ट्रोल करते हुए कहा कि अगर सार्वजनिक जगहों पर घूमना है तो कैमरों से बचने की कोशिश क्यों की जाती है। वहीं कई यूजर्स ने पलक को रोकने के तरीके पर भी सवाल उठाए। दूसरी तरफ कुछ लोगों ने पैपराजी के रवैये की आलोचना करते हुए कहा कि सेलिब्रिटीज की निजी जिंदगी का सम्मान किया जाना चाहिए और उन्हें भी प्राइवेसी का अधिकार है।

दरअसल, इब्राहिम अली खान और पलक तिवारी को पहली बार जनवरी 2022 में साथ देखा गया था। तब से दोनों कई मौकों पर एक साथ स्पॉट किए जा चुके हैं। हालांकि, हर बार दोनों ने अपने रिश्ते को दोस्ती का नाम दिया है। कई बार उन्हें एयरपोर्ट, रेस्टोरेंट और पार्टीज़ में भी देखा गया, लेकिन दोनों अक्सर कैमरों से बचने की कोशिश करते नजर आए।

इस ताजा वीडियो ने एक बार फिर उनके रिश्ते को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। हालांकि, अब तक न तो इब्राहिम और न ही पलक ने अपने रिलेशनशिप को लेकर कोई आधिकारिक बयान दिया है। ऐसे में फैंस अब भी इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि दोनों अपने रिश्ते को लेकर कब खुलकर बात करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *