आस्था में डूबीं जाह्नवी कपूर, ‘पेद्दी’ रिलीज से पहले तिरुमाला मंदिर में टेकी माथा

KNEWS DESK – राम चरण और जाह्नवी कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘पेद्दी’ आखिरकार 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच लंबे समय से जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा था। इसी बीच फिल्म की रिलीज से ठीक पहले जाह्नवी कपूर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह आस्था और भक्ति में डूबी नजर आ रही हैं।

फिल्म की सफलता की कामना लेकर जाह्नवी कपूर आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तिरुमाला मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के दर्शन करने से पहले पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए नंगे पैर तिरुमाला की सीढ़ियां चढ़ीं। इस दौरान उनका बेहद सादगी भरा और धार्मिक अंदाज देखने को मिला, जिसने फैंस का दिल जीत लिया।

जानकारी के अनुसार, जाह्नवी कपूर 3 जून की रात अलीपिरी मार्ग से तिरुमाला पहाड़ी की ओर रवाना हुईं। हजारों श्रद्धालुओं की तरह उन्होंने भी पैदल यात्रा कर मंदिर पहुंचने का संकल्प लिया। इस दौरान उनके साथ उनकी मौसी माहेश्वरी भी मौजूद थीं, जो दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी की चचेरी बहन हैं।

तिरुमाला यात्रा के दौरान जाह्नवी ने हल्के गुलाबी रंग का पारंपरिक सूट पहन रखा था। बालों का साधारण जूड़ा और बिना किसी भारी मेकअप के उनका लुक बेहद आकर्षक नजर आया। यात्रा के दौरान कई जगहों पर उन्होंने माथा टेककर भगवान के प्रति अपनी श्रद्धा भी व्यक्त की।

मंदिर पहुंचने के बाद जाह्नवी कपूर ने भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के दर्शन किए और विशेष पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया। दर्शन के बाद उनके माथे पर तिलक भी लगाया गया। मंदिर परिसर से बाहर निकलते समय भी वह नंगे पैर ही नजर आईं। इस दौरान वहां मौजूद कई श्रद्धालुओं और फैंस ने उनसे मुलाकात की, जिनसे उन्होंने मुस्कुराते हुए बातचीत भी की।

जाह्नवी कपूर का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फैंस उनकी सादगी, धार्मिक आस्था और भारतीय परंपराओं से जुड़े रहने की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स ने कमेंट करते हुए लिखा कि सफलता के शिखर पर पहुंचने के बावजूद जान्हवी अपनी संस्कृति और संस्कारों से जुड़ी हुई हैं।

अब देखना दिलचस्प होगा कि बड़े पर्दे पर रिलीज हुई ‘पेद्दी’ दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरी उतरती है। लेकिन फिल्म की रिलीज से पहले जाह्नवी कपूर की यह आध्यात्मिक यात्रा निश्चित रूप से चर्चा का विषय बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *