KNEWS DESK- आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर राजस्थान ने क्वालीफायर-2 में जगह बना ली है, जहां अब उसका मुकाबला गुजरात टाइटंस से होगा।
मुल्लांपुर में खेले गए इस हाईस्कोरिंग मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 243 रन बनाए। यह आईपीएल प्लेऑफ इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर रहा। जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 196 रन ही बना सकी और टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
राजस्थान की जीत के सबसे बड़े हीरो 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी रहे। उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से चौकों-छक्कों की बारिश देखने को मिली।
वैभव ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और महज 8 ओवर में राजस्थान का स्कोर 125 रन तक पहुंचा दिया। उनकी बल्लेबाजी के सामने हैदराबाद के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए।
हालांकि वैभव अपने शतक से सिर्फ 3 रन दूर रह गए। उनके पास क्रिस गेल के सबसे तेज आईपीएल शतक का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका था, लेकिन वह अपनी पारी की 29वीं गेंद पर आउट हो गए।
भले ही वैभव शतक से चूक गए, लेकिन उन्होंने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वैभव सूर्यवंशी अब आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
उन्होंने आईपीएल 2026 में अब तक 65 छक्के जड़ दिए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम था, जिन्होंने 2012 सीजन में 59 छक्के लगाए थे।
243 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम के प्रमुख बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड और हेनरिक क्लासेन बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। मध्यक्रम ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन लगातार बढ़ते रनरेट के दबाव में टीम मैच में वापसी नहीं कर सकी।
एलिमिनेटर जीतने के बाद राजस्थान रॉयल्स अब क्वालीफायर-2 में गुजरात टाइटंस से भिड़ेगी। गुजरात को पहले क्वालीफायर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ हार मिली थी। यह मुकाबला 29 मई को मुल्लांपुर के मैदान पर खेला जाएगा। क्वालीफायर-2 जीतने वाली टीम फाइनल में आरसीबी से भिड़ेगी।