कौन आया कार पूलिंग करके?….. मिडिल ईस्ट तनाव के बीच सरकार अलर्ट, पीएम मोदी ने मंत्रियों को दी नसीहत

Knews Desk– मध्य पूर्व में जारी तनाव और संभावित ईंधन संकट के बीच प्रधानमंत्री Narendra Modi ने अपने मंत्रियों को बड़ा संदेश दिया है। बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में पीएम मोदी ने मंत्रियों से पूछा कि आखिर कौन-कौन कार पूलिंग करके बैठक में पहुंचा है। हालांकि, सभी मंत्रियों ने ‘ना’ में जवाब दिया। इसके बाद प्रधानमंत्री ने मंत्रियों को नसीहत देते हुए कहा कि अगर सरकार जनता से पेट्रोल-डीजल बचाने और ईंधन की खपत कम करने की अपील कर रही है, तो नेताओं और मंत्रियों को भी खुद उदाहरण पेश करना चाहिए।

सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी ने बैठक में कहा कि मंत्री जमीन पर जाकर आम लोगों से ज्यादा संवाद करें और जनता की प्रतिक्रिया को गंभीरता से लें। उन्होंने कहा कि सरकार के लिए लोगों की फीडबैक बेहद जरूरी है। इसी दौरान उन्होंने कार पूलिंग को बढ़ावा देने और अनावश्यक ईंधन खर्च रोकने पर भी जोर दिया।

देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर देखने को मिल रहा है। ऐसे में प्रधानमंत्री ने मंत्रियों से लोगों को ज्यादा से ज्यादा पानी पीने और धूप से बचने के लिए जागरूक करने को कहा। उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में ईंधन की बचत और संसाधनों का सही इस्तेमाल बेहद जरूरी है।

वहीं, रक्षा मंत्री Rajnath Singh ने भी जनता से पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की घबराहट में खरीदारी न करने की अपील की। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि देश में ईंधन की पर्याप्त आपूर्ति मौजूद है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। पश्चिम एशिया की स्थिति को देखते हुए सरकार ने तैयारियों को और मजबूत करने के निर्देश भी दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *