लौकी की सब्जी नहीं भाती? एक बार ट्राई करें ये क्रिस्पी पकौड़े, स्वाद ऐसा कि उंगलियां चाटते रह जाएंगे सब!

KNEWS DESK- शाम की चाय के साथ अगर गरमा-गरम और कुरकुरे पकौड़े मिल जाएं, तो पूरा मूड फ्रेश हो जाता है। वैसे तो आलू, प्याज और पनीर के पकौड़े लोग खूब पसंद करते हैं, लेकिन क्या आपने कभी लौकी के क्रिस्पी पकौड़े ट्राई किए हैं?

अगर नहीं, तो अब जरूर करें। लौकी से बने ये पकौड़े स्वाद में इतने लाजवाब होते हैं कि जिन्हें लौकी की सब्जी पसंद नहीं होती, वो भी इन्हें बार-बार मांगकर खाते हैं। खास बात ये है कि ये जल्दी तैयार हो जाते हैं और हेल्दी भी माने जाते हैं।

लौकी के पकौड़े बनाने के लिए जरूरी सामग्री

  • 1 मीडियम साइज लौकी
  • 1 कप बेसन
  • 2 बड़े चम्मच चावल का आटा या सूजी
  • अदरक-लहसुन का पेस्ट
  • 1-2 बारीक कटी हरी मिर्च
  • हल्दी पाउडर
  • लाल मिर्च पाउडर
  • धनिया पाउडर
  • जीरा और सौंफ
  • बारीक कटा हरा धनिया
  • नमक स्वादानुसार
  • तलने के लिए तेल

ऐसे तैयार करें लौकी

सबसे पहले लौकी को अच्छी तरह धोकर छील लें। इसके बाद इसे कद्दूकस कर लें या पतले गोल स्लाइस में काट लें। अब लौकी को हल्के नमक वाले पानी में 5 मिनट तक भिगोकर रखें। फिर इसे निकालकर कुछ देर अलग रख दें ताकि अतिरिक्त पानी निकल जाए।

पकौड़ों का बैटर कैसे बनाएं?

एक बड़े बाउल में बेसन और चावल का आटा डालें। इसमें अदरक-लहसुन पेस्ट, हरी मिर्च, हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, जीरा, सौंफ और नमक डालकर अच्छी तरह मिक्स करें।

अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा और स्मूद बैटर तैयार करें। ध्यान रखें कि बैटर ज्यादा पतला न हो। आखिर में हरा धनिया डालकर मिक्स कर लें।

ऐसे बनाएं क्रिस्पी लौकी पकौड़े

कड़ाही में तेल गर्म करें। अब लौकी के स्लाइस को बैटर में डुबोकर गरम तेल में डालें। पकौड़ों को मीडियम आंच पर दोनों तरफ से गोल्डन ब्राउन और क्रिस्पी होने तक तलें। तैयार पकौड़ों को टिश्यू पेपर पर निकाल लें ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए।

चाय के साथ ऐसे करें सर्व

गरमा-गरम लौकी पकौड़ों को हरी चटनी या टमाटर सॉस के साथ सर्व करें। चाहें तो ऊपर से चाट मसाला छिड़ककर इसका स्वाद और भी बढ़ा सकते हैं। बारिश हो या शाम की हल्की भूख, ये क्रिस्पी पकौड़े हर किसी का दिल जीत लेते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *