Knews Desk- IPL 2026 में विराट कोहली और ट्रैविस हेड बीच हुए ऑन-फील्ड विवाद ने अब बड़ा रूप ले लिया है। सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के मैच के बाद ट्रैविस हेड की पत्नी जेसिका हेड ने खुलासा किया कि उन्हें और उनके परिवार को सोशल मीडिया पर लगातार गालियां और धमकियां मिल रही हैं।
दरअसल, मैच के दौरान विराट कोहली और ट्रैविस हेड के बीच तीखी बहस देखने को मिली थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक बल्लेबाजी के दौरान दोनों खिलाड़ियों के बीच कहासुनी हुई और मैच खत्म होने के बाद हैंडशेक के समय भी माहौल तनावपूर्ण नजर आया। वायरल वीडियो में दावा किया गया कि विराट ने ट्रैविस हेड से हाथ नहीं मिलाया।
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर फैंस दो गुटों में बंट गए। कई यूजर्स ने ट्रैविस हेड और उनकी पत्नी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर आपत्तिजनक कमेंट्स किए। जेसिका हेड ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब उनके परिवार को इस तरह के ऑनलाइन ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा हो। उन्होंने इसे 2023 वर्ल्ड कप के बाद की स्थिति जैसा बताया, जब ऑस्ट्रेलिया की जीत के बाद भी उन्हें नफरत भरे संदेश मिले थे।
जेसिका ने कहा कि अब लोग सिर्फ खिलाड़ियों को नहीं, बल्कि उनके दोस्तों और परिवार को भी निशाना बना रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर सम्मानजनक व्यवहार और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई।
इस पूरे विवाद पर क्रिकेट जगत के कई लोगों ने भी प्रतिक्रिया दी है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर वसीम जाफर ने कहा कि मैदान पर बहस हो सकती है, लेकिन मैच खत्म होने के बाद खिलाड़ियों को चीजें वहीं छोड़ देनी चाहिए। वहीं सुनील गावस्कर ने भी कहा कि “हीट ऑफ द मोमेंट” में कोई भी खिलाड़ी भावुक हो सकता है।