NEET-UG पेपर लीक मामला: CBI ने आरोपी मनीषा को कोर्ट में पेश कर 6 दिन की हिरासत मांगी

KNEWS DESK- Central Bureau of Investigation ने New Delhi स्थित राउज एवेन्यू कोर्ट में NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले की आरोपी मनीषा संजय हवलदार को पेश किया। एजेंसी ने मामले की आगे की जांच के लिए आरोपी की छह दिन की पुलिस हिरासत की मांग की है।

सीबीआई के अनुसार, मनीषा संजय हवलदार पर आरोप है कि वह नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के पैनल में शामिल एक फिजिक्स ट्रांसलेटर के रूप में कार्यरत थी और कथित रूप से परीक्षा से जुड़े पेपर तैयार करने तथा लीक हुए प्रश्नपत्र को आगे प्रसारित करने की प्रक्रिया में शामिल रही।

सीबीआई ने अदालत से अनुरोध किया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जाए, ताकि मामले में शामिल अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके। एजेंसी का कहना है कि आरोपी से आमने-सामने पूछताछ और सह-आरोपियों के साथ कनेक्शन स्थापित करना जरूरी है।

वहीं आरोपी के वकील ने सीबीआई की रिमांड अर्जी का विरोध करते हुए दलील दी कि हिरासत की जरूरत नहीं है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने मामले में अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है।

सीबीआई इस मामले को एक संगठित नेटवर्क से जोड़कर देख रही है और अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है। एजेंसी का कहना है कि पूछताछ के बाद कई अहम सुराग सामने आ सकते हैं।

फिलहाल अदालत के आदेश का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद यह तय होगा कि आरोपी मनीषा को पुलिस हिरासत में भेजा जाएगा या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *