घर पर बनाएं बाजार जैसा इंदौरी पोहा, मिनटों में तैयार होगा स्वादिष्ट नाश्ता

KNEWS DESK- इंदौर का पोहा सिर्फ एक डिश नहीं, बल्कि वहां की पहचान माना जाता है। मध्य प्रदेश के इंदौर और भोपाल में लोग सुबह की शुरुआत पोहा-जलेबी के साथ करना पसंद करते हैं। हल्का, स्वादिष्ट और हेल्दी होने की वजह से अब यह डिश देशभर के घरों में भी खूब बनाई जा रही है। अगर आप भी घर पर बिल्कुल बाजार जैसा इंदौरी पोहा बनाना चाहते हैं, तो जानिए इसकी आसान रेसिपी और खास टिप्स।

क्यों खास होता है इंदौरी पोहा?

इंदौरी पोहा अपने हल्के खट्टे-मीठे स्वाद और खास जीरावन मसाले की वजह से अलग पहचान रखता है। इसमें प्याज, सेव, मूंगफली, हरी मिर्च, अनार और नींबू का इस्तेमाल किया जाता है, जो इसके स्वाद को और बढ़ा देता है।

सबसे खास बात यह है कि इंदौरी पोहे को भाप में पकाया जाता है, जिससे इसका स्वाद और टेक्सचर दोनों शानदार बनते हैं। ऊपर से जलेबी के साथ इसका कॉम्बिनेशन लोगों को खूब पसंद आता है।

इंदौरी पोहा बनाने के लिए जरूरी सामग्री

  • 2 कप मोटा पोहा
  • 1 बारीक कटा प्याज
  • मूंगफली
  • 5-6 करी पत्ते
  • हरी मिर्च
  • राई और जीरा
  • हल्दी पाउडर
  • नींबू
  • अनार के दाने
  • सेव
  • हरा धनिया

जीरावन मसाला बनाने के लिए सामग्री

  • शक्कर
  • सौंफ
  • जीरा
  • धनिया
  • दालचीनी
  • साबुत काली मिर्च
  • लौंग
  • तेज पत्ता
  • जायफल
  • अमचूर पाउडर
  • काला नमक
  • लाल मिर्च
  • हींगसौंठ

ऐसे बनाएं इंदौरी स्टाइल पोहा

सबसे पहले पोहे को अच्छी तरह धोकर छन्नी में 10 से 15 मिनट के लिए रख दें ताकि अतिरिक्त पानी निकल जाए। इसके बाद पोहे में हल्दी डालकर हल्के हाथों से मिक्स करें।

अब एक पैन में सौंफ, जीरा, धनिया, लौंग, दालचीनी और बाकी मसालों को हल्का भून लें। इन्हें पीसकर जीरावन मसाला तैयार कर लें।

दूसरी तरफ कढ़ाई में तेल गर्म करें और उसमें राई, जीरा, करी पत्ता, हरी मिर्च और हींग डालकर तड़का लगाएं। अब इसमें पोहा डालें और अच्छे से मिलाएं।

इसके बाद पोहे को हल्की भाप में पकाएं ताकि उसका स्वाद और भी बढ़ जाए।

ऐसे करें सर्व

तैयार पोहे को प्लेट में निकालें और ऊपर से जीरावन मसाला, सेव, प्याज, मूंगफली, अनार के दाने, हरा धनिया और नींबू डालकर सर्व करें। चाहें तो इसके साथ गर्म जलेबी भी परोस सकते हैं।