Knews Desk– सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई “कॉकरोच जनता पार्टी” की चर्चित वेबसाइट को इंटरनेट से हटा दिया गया है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने इसकी पुष्टि करते हुए केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने इस कार्रवाई को “तानाशाही रवैया” बताते हुए कहा कि सरकार युवाओं की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है।
अभिजीत दिपके का यह अनोखा डिजिटल अभियान पिछले कुछ दिनों में इंटरनेट पर काफी चर्चा में रहा। मीम्स, व्यंग्य और सत्ता विरोधी पोस्ट्स के जरिए यह प्लेटफॉर्म खासकर मिलेनियल्स और जेन-जी युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय हो गया था। दिपके का दावा है कि उनकी वेबसाइट पर करीब 10 लाख लोगों ने सदस्य के रूप में साइन अप किया था।
उन्होंने यह भी दावा किया कि NEET-UG पेपर लीक विवाद को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधानके इस्तीफे की मांग वाली ऑनलाइन याचिका पर 6 लाख से ज्यादा लोगों ने हस्ताक्षर किए थे। वेबसाइट हटने के बाद अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि सरकार हमारी आइकॉनिक वेबसाइट से डर गई। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि “सरकार कॉकरोचों से इतना क्यों डरती है?”
कॉकरोच जनता पार्टी का ट्रेंड पहली बार तब वायरल हुआ था, जब सुप्रीम कोर्ट में एक सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश को लेकर हुई कथित टिप्पणी पर सोशल मीडिया में बहस शुरू हुई थी। इसके बाद यह ऑनलाइन कैंपेन धीरे-धीरे एक बड़े डिजिटल मूवमेंट में बदल गया।
युवा सोशल मीडिया यूजर्स के बीच यह प्लेटफॉर्म व्यवस्था और राजनीति पर कटाक्ष करने का माध्यम बन गया था। कई लोग इसे इंटरनेट पर उभर रहे नए तरह के “डिजिटल विरोध” के रूप में देख रहे हैं। हालांकि वेबसाइट हटाए जाने के बाद अब यह मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया है।