Knews Desk– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को केंद्र सरकार की विभिन्न नौकरियों के लिए 51 हजार से अधिक युवाओं को वर्चुअली नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश की विकास यात्रा में अब उनकी भूमिका और जिम्मेदारी दोनों बढ़ने वाली हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जिन युवाओं को नियुक्ति पत्र मिले हैं, वे रेलवे, बैंकिंग, रक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा समेत कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अपनी सेवाएं देंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में “विकसित भारत” के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की सबसे बड़ी भूमिका होगी।
पीएम मोदी ने भारत की बढ़ती वैश्विक भागीदारी पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देशों के साथ नई साझेदारियां भारत के युवाओं के लिए नए अवसर लेकर आ रही हैं। इससे भारतीय स्टार्टअप्स, शोधकर्ताओं और युवा पेशेवरों को वैश्विक बाजारों और नई तकनीकों तक पहुंच मिल रही है।
उन्होंने कहा कि आज दुनिया उन देशों का सम्मान करती है जो इनोवेशन, निर्माण और तेज डिलीवरी में आगे हैं। भारत इन तीनों क्षेत्रों में तेजी से प्रगति कर रहा है और इस बदलाव की सबसे बड़ी ताकत देश के युवा हैं। पीएम मोदी ने कहा कि जब भी वह विदेश दौरे पर जाते हैं, वहां भारत की युवा शक्ति की चर्चा जरूर होती है।
भविष्य की तकनीकों और रोजगार के नए अवसरों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि क्लीन एनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन, क्रिटिकल मिनरल्स और सस्टेनेबल मैन्युफैक्चरिंग जैसे सेक्टर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। इन क्षेत्रों में हो रही वैश्विक साझेदारियां भारत के लिए नए आर्थिक अवसर पैदा कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि स्वीडन, नॉर्वे, इटली, यूएई और नॉर्वे जैसे देशों के साथ भारत का सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है। खासकर ग्रीन टेक्नोलॉजी और शिपबिल्डिंग सेक्टर में ये साझेदारियां युवाओं के लिए रोजगार और विकास के नए रास्ते खोलेंगी।