Knews Desk– अमेरिका में ग्रीन कार्ड पाने की राह अब पहले से ज्यादा कठिन होने वाली है। अमेरिकी नागरिकता और इमिग्रेशन सेवा यानी USCIS ने एक नया पॉलिसी मेमो जारी किया है, जिसके बाद अस्थायी वीजा पर अमेरिका में रह रहे विदेशी नागरिकों को ग्रीन कार्ड के लिए अपने देश लौटकर आवेदन करना पड़ सकता है। इस फैसले का सबसे बड़ा असर भारतीयों, खासकर H-1B वीजा पर काम कर रहे प्रोफेशनल्स पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
क्या बदला है नए नियम में?
USCIS के मुताबिक अब “Adjustment of Status” यानी अमेरिका में रहकर सीधे ग्रीन कार्ड में स्टेटस बदलने की सुविधा को सीमित किया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि हर केस की अलग-अलग जांच की जाए और सिर्फ “विशेष परिस्थितियों” में ही अमेरिका के भीतर से ग्रीन कार्ड आवेदन की अनुमति दी जाए। बाकी लोगों को अपने देश जाकर अमेरिकी दूतावास या कांसुलेट के जरिए प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
USCIS प्रवक्ता ज़ैक काहलर ने कहा कि यह कदम इमिग्रेशन सिस्टम को “कानून की मूल भावना” के मुताबिक चलाने के लिए उठाया गया है ताकि लोग अस्थायी वीजा का इस्तेमाल स्थायी बसने के रास्ते के रूप में न करें।
भारतीयों पर क्या होगा असर?
अमेरिका में बड़ी संख्या में भारतीय H-1B और L-1 वीजा पर काम करते हैं। अब उन्हें ग्रीन कार्ड प्रक्रिया के दौरान भारत लौटना पड़ सकता है। इमिग्रेशन विशेषज्ञों का कहना है कि इससे नौकरी, परिवार और बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ सकता है। कई लोगों को लंबे समय तक भारत में रहकर इंटरव्यू और प्रोसेसिंग का इंतजार करना पड़ सकता है।
इमिग्रेशन वकील निकोल गुरनारा के अनुसार यह मेमो कानून नहीं बदलता, लेकिन अधिकारियों के रवैये को जरूर बदल देता है। पहले अमेरिका के भीतर रहकर ग्रीन कार्ड आवेदन करना आसान माना जाता था, लेकिन अब अधिकारियों को आवेदन खारिज करने का ज्यादा अधिकार मिल सकता है।
छात्रों और परिवारों की चिंता बढ़ी
F-1 स्टूडेंट वीजा पर पढ़ रहे भारतीय छात्रों की मुश्किलें भी बढ़ सकती हैं। क्योंकि F-1 वीजा “ड्यूल इंटेंट” कैटेगरी में नहीं आता, ऐसे में अधिकारियों द्वारा यह सवाल उठाया जा सकता है कि छात्र शुरू से स्थायी रूप से बसने की योजना तो नहीं बना रहे थे।
इमिग्रेशन विशेषज्ञों का मानना है कि यह नीति भारतीय परिवारों के लिए तनाव बढ़ा सकती है, खासकर उन लोगों के लिए जो कई सालों से ग्रीन कार्ड बैकलॉग में फंसे हुए हैं। हालांकि जिन लोगों ने अमेरिका में लंबे समय तक काम किया है, टैक्स भरा है और परिवार बसाया है, उनके लिए मजबूत “फैमिली और कम्युनिटी टाई” फायदा पहुंचा सकती है।