Knews Desk– भोपाल में चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में अब नया मोड़ आ गया है। ट्विशा के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने अपनी बहन की सास और पूर्व जज गिरिबाला सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि ट्विशा की मौत के बाद भी उसके चरित्र पर सवाल उठाए जा रहे हैं, जो बेहद अमानवीय और दुखद है।
मेजर हर्षित शर्मा ने एक इंटरव्यू में कहा कि उनकी बहन को शादी के बाद लगातार मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह अपने प्रभाव और संपर्कों का इस्तेमाल कर जांच को प्रभावित करने की कोशिश कर रही हैं। हर्षित शर्मा ने कहा कि पूर्व जज होने के बावजूद गिरिबाला सिंह ने जमानत की शर्तों का पालन नहीं किया और लगातार सार्वजनिक बयान देकर जांच की दिशा बदलने का प्रयास किया।

इस बीच एक ऑडियो क्लिप भी सामने आई है, जिसमें कथित तौर पर ट्विशा के निजी जीवन और चरित्र को लेकर सवाल उठाए गए हैं। इस ऑडियो को लेकर विवाद बढ़ गया है। ट्विशा के परिवार का कहना है कि यह उनकी बेटी की छवि खराब करने की कोशिश है। वहीं गिरिबाला सिंह ने अदालत का रुख करते हुए दावा किया है कि वायरल ऑडियो क्लिप और व्हाट्सऐप चैट्स फर्जी और एडिटेड हैं। उन्होंने मामले में डिजिटल सबूतों की दोबारा जांच की मांग की है।
ट्विशा शर्मा की मौत के बाद यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। परिवार शुरू से ही इसे आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बता रहा है। दूसरी ओर ससुराल पक्ष सभी आरोपों से इनकार कर रहा है। मामले में बढ़ते विवाद और सवालों के बीच अब जांच एजेंसियों पर निष्पक्ष कार्रवाई का दबाव बढ़ता जा रहा है।