PM मोदी को झालमुड़ी खिलाने वाले दुकानदार को मिल रहीं जान से मारने की धमकियां

Knews Desk- पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को झालमुड़ी खिलाकर चर्चा में आए दुकानदार बिक्रम साऊ अब डर और दहशत के साये में जी रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक मुलाकात ने उनकी जिंदगी बदल दी, लेकिन अब वही लोकप्रियता उनके परिवार के लिए परेशानी बन गई है। बिक्रम का आरोप है कि उन्हें पाकिस्तान और बांग्लादेश के नंबरों से लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।

पूरा मामला 19 अप्रैल का बताया जा रहा है, जब विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झाड़ग्राम पहुंचे थे। रैली खत्म होने के बाद पीएम मोदी अचानक सड़क किनारे झालमुड़ी बेच रहे बिक्रम साऊ की दुकान पर रुक गए। प्रधानमंत्री ने बिक्रम के हाथ की बनी झालमुड़ी खाई और उनसे बातचीत भी की। इस दौरान की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए।

इस घटना के बाद बिक्रम की दुकान पर लोगों की भीड़ बढ़ने लगी और वह इलाके में चर्चा का विषय बन गए। लेकिन कुछ ही दिनों बाद उन्हें अंतरराष्ट्रीय नंबरों से धमकी भरे कॉल और व्हाट्सएप वीडियो कॉल आने शुरू हो गए। बिक्रम का कहना है कि कॉल करने वाले लोग उन्हें और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहे हैं।

धमकियों के बाद बिक्रम और उनका परिवार काफी डरा हुआ है। उन्होंने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस प्रशासन ने शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है और कॉल्स की लोकेशन व स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

इस घटना ने इलाके में भी चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोग भी बिक्रम के समर्थन में सामने आए हैं और प्रशासन से उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं। वहीं सोशल मीडिया पर भी यह मामला तेजी से चर्चा में बना हुआ है। पीएम मोदी से जुड़ी एक साधारण मुलाकात कैसे एक दुकानदार के लिए मुसीबत बन गई, इसे लेकर लोग हैरानी जता रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *