UP: बेटी के प्रेम संबंध से नाराज पिता बना कातिल, शव के टुकड़े कर बक्से में भरकर ट्रेन में छोड़ा

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमती नगर रेलवे स्टेशन पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। छपरा-गोमती नगर एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी में टीन के बक्से के अंदर 15 वर्षीय किशोरी शब्बा का शव कई टुकड़ों में मिला। शव का सिर गायब था। पुलिस जांच में यह मामला ऑनर किलिंग का निकला, जिसमें किशोरी के अपने पिता ने ही अपनी बहन और बहनोई के साथ मिलकर निर्मम हत्या कर दी।

17 मई को जब छपरा-गोमती नगर एक्सप्रेस गोमती नगर स्टेशन पहुंची, तो S-1 कोच में एक लावारिस टीन का बक्सा पड़ा मिला। रेलवे कर्मचारियों ने बक्सा खोलकर देखा तो अंदर सलवार-सूट पहने एक किशोरी का क्षत-विक्षत शव था। पूरे स्टेशन पर सनसनी फैल गई। लखनऊ जीआरपी ने तुरंत मामले की जांच शुरू की।


पुलिस ने ट्रेन के पूरे रूट के स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में कुशीनगर के तमकुही रोड रेलवे स्टेशन पर तीन संदिग्ध व्यक्ति एक बक्सा लेकर स्लीपर कोच में रखते दिखे। उनकी पहचान कुशीनगर के शिवरही गांव निवासी बिग्गान अंसारी (पिता), उसकी बहन नूरजहां और बहनोई मुजीबुल्लाह के रूप में हुई।पुलिस ने मुख्य आरोपी बिग्गान अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। हिरासत में पूछताछ के दौरान बिग्गान ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि उसकी 15 वर्षीय बेटी शब्बा दूसरे समुदाय के एक युवक से फोन पर बात करती थी। कई बार समझाने-डांटने के बावजूद जब बेटी नहीं मानी तो उसने बदनामी के डर से हत्या की साजिश रची।


आरोप है कि 16 मई को बिग्गान, नूरजहां और मुजीबुल्लाह ने मिलकर शब्बा की हत्या कर दी। इसके बाद शव को कई टुकड़ों में काटा गया। शव के टुकड़ों को टीन के बक्से में भर दिया गया, जबकि सिर को गांव के तालाब में फेंक दिया गया। तीनों आरोपी तमकुही रोड स्टेशन पहुंचे और बक्सा ट्रेन में रखकर फरार हो गए।

लखनऊ जीआरपी और कुशीनगर जीआरपी की संयुक्त टीम ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई की। मुख्य आरोपी बिग्गान अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस शव के सिर की तलाश में तालाब की खुदाई कर रही है।

यह घटना एक बार फिर समाज में लड़कियों की स्वतंत्रता और परिवारों की सोच पर सवाल खड़ा करती है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और शीघ्र ही चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *