दिल्ली सरकार का नया अभियान शुरू, कपिल मिश्रा ने घर से की ऑनलाइन मीटिंग

KNEWS DESK – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर दिल्ली सरकार ने राजधानी में “मेरा भारत, मेरा योगदान” अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत दिल्ली सरकार के मंत्री, अधिकारी और मुख्यमंत्री सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम करेंगे। बुधवार को इस अभियान के तहत पहला वर्क फ्रॉम होम दिवस रहा, जिसमें सरकार के कई विभागों ने ऑनलाइन तरीके से कामकाज किया।

दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर बुधवार और शनिवार को अनिवार्य रूप से वर्क फ्रॉम होम लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ट्रैफिक कम करना, प्रदूषण घटाना और ईंधन की बचत को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि वह खुद भी अपने घर से बैठकर मीटिंग कर रहे हैं और ज्यादातर बैठकें ऑनलाइन माध्यम से आयोजित की गईं।

कपिल मिश्रा ने बताया कि जिन फाइलों पर तत्काल निर्णय जरूरी था, उनके लिए अधिकारी इलेक्ट्रिक कार और कार पूलिंग के जरिए उनके आवास पहुंचे। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों और मंत्रियों को निर्देश दिए गए हैं कि जहां संभव हो, ऑनलाइन काम किया जाए और जरूरत पड़ने पर ही कार्यालय या मीटिंग स्थल तक यात्रा की जाए।

सरकार ने लोगों से भी सार्वजनिक परिवहन, इलेक्ट्रिक वाहनों और कार पूलिंग को अपनाने की अपील की है। कपिल मिश्रा ने कहा कि यह सिर्फ सरकारी स्तर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि निजी संस्थानों और व्यापारिक संगठनों को भी इससे जोड़ने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने बताया कि हाल ही में CII के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक में दिल्ली के कई बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों ने भी कार पूलिंग और वर्क फ्रॉम होम नीति अपनाने पर सहमति जताई है। सरकार का मानना है कि इससे राजधानी में वाहनों की संख्या कम होगी और पर्यावरण को भी फायदा पहुंचेगा।

हालांकि, विपक्ष ने सरकार की इस पहल को दिखावा करार दिया है। विपक्ष का कहना है कि नेताओं का पब्लिक ट्रांसपोर्ट से सफर करना और वर्क फ्रॉम होम करना सिर्फ प्रचार का हिस्सा है। इस पर पलटवार करते हुए कपिल मिश्रा ने कहा कि विपक्ष को इस पहल का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष को तो जनता पहले ही “परमानेंट वर्क फ्रॉम होम” दे चुकी है।

सरकार ने साफ किया है कि जरूरी सेवाओं को इस व्यवस्था से बाहर रखा गया है। पानी, फायर ब्रिगेड, पुलिस और अन्य आवश्यक सेवाएं पहले की तरह पूरी क्षमता के साथ काम करती रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *