भावुक हुए सीएम धामी, बीसी खंडूड़ी की अंतिम यात्रा में कंधा देकर दी विदाई

KNEWS DESK – उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूड़ी के निधन से पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। उनके निधन की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बेहद भावुक नजर आए। छत्तीसगढ़ दौरे पर मौजूद मुख्यमंत्री धामी ने कार्यक्रम बीच में छोड़कर तुरंत देहरादून लौटने का फैसला लिया और सीधे जनरल खंडूड़ी के आवास पहुंचे।

दरअसल, मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी छत्तीसगढ़ के बस्तर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में शामिल थे। इसी दौरान उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी के निधन की सूचना मिली। खबर मिलते ही मुख्यमंत्री ने अपना कार्यक्रम संक्षिप्त किया और तत्काल उत्तराखंड के लिए रवाना हो गए।

देहरादून पहुंचते ही मुख्यमंत्री सीधे बसंत विहार स्थित जनरल खंडूड़ी के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित किए और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान मुख्यमंत्री काफी भावुक दिखाई दिए।

मुख्यमंत्री धामी ने जनरल खंडूड़ी के योगदान को याद करते हुए उन्हें उत्तराखंड की राजनीति और जनसेवा का एक मजबूत स्तंभ बताया। उन्होंने कहा कि बीसी खंडूड़ी ने अपने सैन्य जीवन से लेकर राजनीतिक जीवन तक हमेशा ईमानदारी, अनुशासन और सेवा भाव को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।

राज्य सरकार ने उनके सम्मान में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। साथ ही एक दिन के सार्वजनिक अवकाश का भी ऐलान किया गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूर्व मुख्यमंत्री का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान और पुलिस सम्मान के साथ कराया जाए।

बुधवार सुबह मुख्यमंत्री एक बार फिर जनरल खंडूड़ी के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित किया और अंतिम यात्रा में कंधा भी दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री शव यात्रा के साथ भाजपा मुख्यालय पहुंचे और फिर हरिद्वार में आयोजित अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए।

हरिद्वार में अंतिम विदाई के दौरान मुख्यमंत्री धामी काफी गमगीन नजर आए। इस मौके पर कई राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सभी ने जनरल बीसी खंडूड़ी को नम आंखों से अंतिम विदाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *