यूपी पुलिस में वर्दी पहनकर रील्स और आपत्तिजनक पोस्ट पर सख्ती, मुख्यालय ने दिए कड़े निर्देश

Knews Desk- उत्तर प्रदेश पुलिस में वर्दी पहनकर सोशल मीडिया पर रील्स बनाने और आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने वाले पुलिसकर्मियों पर अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मुख्यालय ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। डीजीपी मुख्यालय की मंजूरी के बाद अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) अमिताभ यश ने एक आधिकारिक पत्र जारी किया है, जिसमें सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 के सख्त पालन के निर्देश दिए गए हैं। इस आदेश में कहा गया है कि जो भी सेवारत या प्रशिक्षु पुलिसकर्मी सोशल मीडिया नियमों का उल्लंघन करता पाया जाएगा, उसके खिलाफ तत्काल विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि कई पुलिसकर्मी लगातार नियमों की अनदेखी कर सोशल मीडिया पर वर्दी में रील्स और आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट कर रहे हैं। इससे न केवल शासकीय कार्य प्रभावित हो रहा है, बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस की छवि और गरिमा पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

अपर पुलिस महानिदेशक ने साफ किया है कि इस तरह की गतिविधियां अनुशासनहीनता की श्रेणी में आती हैं और इन्हें किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे मामलों की पहचान कर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करें।

पुलिस मुख्यालय ने यह भी कहा है कि सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 का पालन सभी पुलिसकर्मियों के लिए अनिवार्य है और इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। विभाग का मानना है कि पुलिस बल की छवि जनता के बीच बेहद महत्वपूर्ण है, जिसे किसी भी स्थिति में खराब नहीं होने दिया जा सकता। इस कदम को पुलिस व्यवस्था में अनुशासन और मर्यादा बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *