‘नीदरलैंड्स में भी भारत जैसा एहसास…’ द हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए बोले नरेंद्र मोदी

Knews Desk– अपनी पांच देशों की विदेश यात्रा के दूसरे चरण में नरेंद्र मोदी शुक्रवार को नीदरलैंड्स पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया. एम्सटर्डम एयरपोर्ट पर नीदरलैंड्स सरकार की ओर से रियर एडमिरल लुडगर ब्रुमेलार, विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसेन और भारत के राजदूत कुमार तुहिन ने उनका स्वागत किया. यात्रा के अगले दिन प्रधानमंत्री मोदी ने द हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित किया और भारत की संस्कृति, विकास और वैश्विक भूमिका पर विस्तार से बात की.

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि नीदरलैंड्स में भी उन्हें भारत जैसा अनुभव हो रहा है. उन्होंने कहा, “कई सभ्यताएं समय के साथ समाप्त हो गईं, लेकिन भारत की विविध संस्कृति आज भी दुनिया भर के लोगों के दिलों में जीवित है.” प्रधानमंत्री ने भारतीय समुदाय की सराहना करते हुए कहा कि जहां भी भारतीय जाते हैं, वहां भारत की परंपराएं, संस्कार और संस्कृति अपने साथ लेकर जाते हैं.

प्रधानमंत्री ने कहा कि नीदरलैंड्स में रहने वाले भारतीय यहां की अर्थव्यवस्था और समाज में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं, जिस पर पूरे भारत को गर्व है. उन्होंने कहा कि पीढ़ियां बदलने और हजारों किलोमीटर दूर रहने के बावजूद भारतीयों ने अपनी पहचान और जड़ों को मजबूत बनाए रखा है.

पीएम मोदी ने अपने राजनीतिक सफर का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि 16 मई का दिन उनके लिए बेहद खास है, क्योंकि इसी दिन 2014 में लोकसभा चुनाव के नतीजे आए थे और देश को दशकों बाद स्थिर सरकार मिली थी. उन्होंने कहा, “कोटि-कोटि लोगों का आशीर्वाद मुझे लगातार काम करने की प्रेरणा देता है. आपका सुख मेरा सुख है और आपका कल्याण ही मेरा कल्याण है.” प्रधानमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 25 वर्षों तक जनता की सेवा करने का अवसर केवल आंकड़ा नहीं, बल्कि बहुत बड़ी जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि भारत अब सीमित सोच वाला देश नहीं रहा, बल्कि बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है.

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने भारत की उपलब्धियों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि भारत अब दुनिया का ग्रोथ इंजन बनना चाहता है और आने वाले समय में ओलंपिक की मेजबानी भी करना चाहता है. उन्होंने कहा कि एक दशक पहले भारत मोबाइल फोन आयात करता था, लेकिन आज देश मोबाइल निर्माण कर दुनिया भर में निर्यात कर रहा है.

प्रधानमंत्री ने डिजिटल इंडिया की सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि आज दुनिया भर के UPI ट्रांजेक्शन का लगभग आधा भारत में होता है. उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने चांद तक की दूरी के बराबर कई बार ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क बिछाया है, जो देश की तकनीकी प्रगति को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *