हनी ट्रैप से कहीं आगे बढ़ी जासूसी की चुनौती, वायु सेना प्रमुख ने बताया कैसे निशाने पर आ रहा रक्षा उद्योग

रक्षा क्षेत्र में जासूसी का खतरा अब सिर्फ हनी ट्रैप तक सीमित नहीं रह गया है। एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने कहा कि साइबर जासूसी, अंदरूनी खतरे, मल्टी-लेवल मार्केटिंग और लोन के जाल जैसे कई तरीकों का इस्तेमाल लोगों को फंसाने और संवेदनशील जानकारी हासिल करने के लिए किया जा रहा है।

Knews Desk – राजधानी दिल्ली में आयोजित ANI नेशनल सिक्योरिटी समिट 3.0 में एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने भारतीय रक्षा उद्योग के सामने मौजूद जासूसी के खतरों को लेकर अहम जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर में जासूसी का दायरा काफी व्यापक हो गया है और इसके लिए साइबर माध्यमों के साथ-साथ लोगों को अलग-अलग तरीकों से अपने जाल में फंसाया जा रहा है।

सिर्फ हनी ट्रैप नहीं, साइबर जासूसी भी बड़ा खतरा

जब उनसे पूछा गया कि क्या भारतीय रक्षा उद्योग हनी ट्रैप का शिकार हो सकता है और इससे कैसे निपटा जा सकता है, तो एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने कहा कि यह सिर्फ हनी ट्रैप का मामला नहीं है, बल्कि साइबर जासूसी का भी बड़ा मुद्दा है। उन्होंने बताया कि आज के समय में जासूसी के लिए साइबर माध्यमों और कई अन्य तरीकों का इस्तेमाल किया जाता है, जिसमें लोगों को लुभाकर अपने जाल में फंसाना भी शामिल है।

आशुतोष दीक्षित ने कहा कि हनी ट्रैप इस पूरी स्थिति का सिर्फ एक पहलू है। इसके अलावा मल्टी-लेवल मार्केटिंग और लोन देने वाले जालसाज भी सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां इन खतरों को लेकर पूरी तरह जागरूक हैं और इन पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इन चुनौतियों से निपटने के लिए एक व्यवस्थित प्रयास किया जा रहा है।

एयर-गैप्ड नेटवर्क से बढ़ा अंदरूनी खतरा

वायु सेना प्रमुख ने बताया कि उनके नेटवर्क ‘एयर-गैप्ड’ हैं, यानी वे इंटरनेट से पूरी तरह अलग हैं। ऐसे नेटवर्क पर सामान्य साइबर हमले की संभावना नहीं होती, लेकिन इससे अंदरूनी खतरे यानी ‘इनसाइडर थ्रेट’ की चुनौती सामने आती है। उन्होंने कहा कि सेना इस खतरे से पूरी तरह वाकिफ है और इससे निपटने के लिए तकनीकी और संस्थागत समाधान लागू किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि इन उपायों में सार्वजनिक क्षेत्र, DRDO की प्रयोगशालाओं और निजी क्षेत्र के लिए भी सुरक्षा संबंधी कदम शामिल हैं। सही सॉफ्टवेयर के इस्तेमाल को लेकर जागरूकता बढ़ाई जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि एक एजेंसी निजी क्षेत्र को सलाह देती है कि अपने नेटवर्क का इस्तेमाल किस तरह सुरक्षित तरीके से किया जाए। उनके मुताबिक, अगर निजी क्षेत्र इन सुझावों का पालन करे तो ज्यादातर मामलों में सुरक्षा को मजबूत किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *