Knews Desk -उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित यूनिवर्सिटी से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जिसने शिक्षा जगत को हिला कर रख दिया है. विश्वविद्यालय के जंतु विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर परमजीत सिंह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. उन पर एक छात्रा के साथ अश्लील बातचीत करने और परीक्षा का पेपर लीक कराने का लालच देने का आरोप है. सोशल मीडिया पर वायरल हुई ऑडियो क्लिप के बाद यह मामला सुर्खियों में आया.
https://www.instagram.com/reel/DYZF9WlSxls/?utm_source=ig_web_copy_link&igsh=MzRlODBiNWFlZA==
जानकारी के मुताबिक, कथित ऑडियो में प्रोफेसर छात्रा से आपत्तिजनक बातें करते सुनाई दे रहे हैं. साथ ही वह छात्रा को परीक्षा से पहले पेपर उपलब्ध कराने का दावा भी कर रहे हैं. ऑडियो वायरल होने के बाद छात्रा ने विश्वविद्यालय प्रशासन को पूरे मामले की जानकारी दी, जिसके बाद जांच शुरू हुई.

विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई की. परीक्षा नियंत्रक की शिकायत पर हसनगंज थाने में प्रोफेसर परमजीत सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई. पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में छात्रा का बयान दर्ज किया जा रहा है और वायरल ऑडियो की जांच भी कराई जा रही है. इस मामले के सामने आने के बाद विश्वविद्यालय परिसर में भारी विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने कैंपस में प्रदर्शन करते हुए आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर भी सवाल उठाए और परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता को लेकर चिंता जताई.

वहीं आरोपी प्रोफेसर परमजीत सिंह ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज किया है. उनका कहना है कि विश्वविद्यालय की आंतरिक राजनीति के चलते उन्हें फंसाया जा रहा है. हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन ने साफ किया है कि संस्थान ऐसे मामलों में “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाता है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. कुलपति जे.पी. सैनी ने आंतरिक शिकायत समिति को 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं.
यह मामला सामने आने के बाद शिक्षा संस्थानों में नैतिकता, छात्र सुरक्षा और परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है. पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन दोनों स्तर पर जांच जारी है.