KNEWS DESK- नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 री-एग्जाम की तारीख घोषित कर दी है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan के आवास पर हुई बैठक के बाद फैसला लिया गया कि NEET UG 2026 का री-एग्जाम 21 जून 2026, रविवार को आयोजित किया जाएगा। यह परीक्षा देश और विदेश के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर होगी।
इसके साथ ही NTA ने री-एग्जाम के एडमिट कार्ड जारी करने की तारीख भी घोषित कर दी है। एजेंसी के अनुसार, उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड 14 जून 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
ऐसे डाउनलोड करें NEET UG 2026 री-एग्जाम एडमिट कार्ड-
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट NEET NTA Official Website पर जाएं।
- होमपेज पर दिए गए “NEET UG 2026 Admit Card” लिंक पर क्लिक करें।
- नया पेज खुलने के बाद आवेदन संख्या और जन्म तिथि/पासवर्ड दर्ज करें।
- स्क्रीन पर दिख रहा सिक्योरिटी पिन भरें।
- सबमिट करने के बाद एडमिट कार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा।
- एडमिट कार्ड डाउनलोड करें और उसका रंगीन प्रिंटआउट निकाल लें।
- निर्धारित स्थान पर पासपोर्ट साइज फोटो चिपकाना न भूलें।
री-एग्जाम के लिए नहीं देनी होगी अतिरिक्त फीस
NTA ने स्पष्ट किया है कि री-एग्जाम में शामिल होने वाले उम्मीदवारों से किसी प्रकार की अतिरिक्त परीक्षा फीस नहीं ली जाएगी। साथ ही एजेंसी पहले ही यह घोषणा कर चुकी है कि NEET UG 2026 परीक्षा में शामिल हुए छात्रों की फीस वापस की जाएगी।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने यह भी बताया कि री-एग्जाम में उम्मीदवारों को अतिरिक्त 15 मिनट का समय दिया जाएगा, ताकि परीक्षा प्रक्रिया अधिक सुगम हो सके।
गौरतलब है कि NEET UG 2026 परीक्षा का आयोजन 3 मई को किया गया था, जिसमें 22 लाख से अधिक छात्रों ने हिस्सा लिया था। हालांकि 7 मई को पेपर लीक का मामला सामने आने के बाद परीक्षा विवादों में आ गई।
शुरुआत में इसे केवल गेस पेपर वायरल होने का मामला माना जा रहा था, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर स्पष्ट हुआ कि असली प्रश्नपत्र लीक हुआ था। मामले में कई गिरफ्तारियां भी हुईं। इसके बाद NTA ने परीक्षा रद्द कर दी और जांच की जिम्मेदारी Central Bureau of Investigation (CBI) को सौंप दी। अब लाखों उम्मीदवारों की नजरें 14 जून को जारी होने वाले एडमिट कार्ड और 21 जून को होने वाले री-एग्जाम पर टिकी हैं।