KNEWS DESK – किंग जब से अनाउंस हुई है, तभी से लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। इस फिल्म की शूटिंग फिलहाल साउथ अफ्रीका में चल रही है, और सेट से जुड़ी कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते रहे हैं।
फिल्म को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है, खासकर इसलिए क्योंकि इसमें बॉलीवुड के कई बड़े सितारे एक साथ नजर आने वाले हैं।
सेट से लीक तस्वीरों ने बढ़ाई हलचल
हाल ही में शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की कुछ तस्वीरें सेट से लीक होकर इंटरनेट पर छा गई थीं। इसके बाद एक और तस्वीर ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी, जिसमें दावा किया गया कि अभिषेक बच्चन फिल्म ‘किंग’ के सेट पर नजर आए हैं।
इस तस्वीर में अभिषेक हाथ में गन पकड़े हुए एक दमदार अवतार में दिखाई दे रहे थे, जिसके बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
अब सामने आया वायरल फोटो का सच
अब इस वायरल तस्वीर को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिषेक बच्चन की ये तस्वीरें पूरी तरह फेक हैं और इनका फिल्म ‘किंग’ से कोई संबंध नहीं है।
एक इंडस्ट्री सोर्स के हवाले से बताया गया है कि अभिषेक बच्चन फिलहाल ETPL प्रोजेक्ट के चलते विदेश में हैं और इस समय आयरलैंड में मौजूद हैं। ऐसे में उनकी वायरल तस्वीरों का सेट से जुड़ा होना गलत साबित हुआ है।
नेटिजन्स में मची थी हलचल
इन लीक तस्वीरों के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यह कयास लगाए जा रहे थे कि अभिषेक बच्चन फिल्म में एक दमदार किरदार निभा सकते हैं और शाहरुख खान के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। लेकिन अब इस फेक खबर ने सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है।
फिल्म की स्टारकास्ट और रिलीज डेट
किंग का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं, जिन्होंने पहले शाहरुख खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘पठान’ भी डायरेक्ट की थी।
फिल्म में शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण, सुहाना खान, रानी मुखर्जी, अनिल कपूर, अरशद वारसी, जयदीप अहलावत, जैकी श्रॉफ, राघव जुयाल और अभय वर्मा जैसे कई बड़े सितारे नजर आएंगे।
यह फिल्म रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ़्लिक्स पिक्चर्स के बैनर तले बन रही है और इसे 24 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी है।