दिवाली की तस्वीरों में नजर आए 30 कैरेट के पन्ने वाले पेंडेंट को लेकर विवाद, कांग्रेस नेता के कानूनी नोटिस के बीच तस्लीमा नसरीन ने करीना का बचाव किया।
Knews Desk – बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान इन दिनों अपनी फिल्मों की वजह से नहीं, बल्कि एक खास नेकलेस को लेकर विवादों में हैं। दिवाली के मौके पर सामने आई उनकी कुछ तस्वीरों में वह 30 कैरेट का पन्ने वाला पेंडेंट पहने नजर आई थीं। इस पेंडेंट पर कुरान की आयत आयतुल कुर्सी लिखी हुई है। तस्वीरें सामने आने के बाद इस गहने को लेकर विवाद शुरू हो गया।
विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस नेता और राष्ट्रीय मीडिया समन्वयक अब्बास हफीज ने करीना कपूर और उनकी स्टाइलिस्ट रिया कपूर को कानूनी नोटिस भेजा। नोटिस में तस्वीरों, वीडियो और संबंधित पोस्ट हटाने, सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और भविष्य में कुरान की आयत को ऐसे तरीके से प्रदर्शित नहीं करने का आश्वासन देने की मांग की गई। हफीज ने स्पष्ट किया कि उन्होंने यह नोटिस अपनी व्यक्तिगत क्षमता में भेजा है, न कि कांग्रेस पार्टी की ओर से।
अब इस पूरे विवाद में मशहूर लेखिका तस्लीमा नसरीन करीना कपूर के समर्थन में उतर आई हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लंबी पोस्ट लिखकर धर्म के नाम पर महिलाओं के पहनावे और शरीर को लेकर होने वाली दखलअंदाजी पर सवाल उठाए। तस्लीमा ने सवाल किया कि कुरान की आयत लिखे पेंडेंट को पहनने में आखिर आपत्ति क्या है और करीना को माफी क्यों मांगनी चाहिए।
तस्लीमा ने यह भी सवाल उठाया कि लोगों को वास्तव में पेंडेंट से आपत्ति है या फिर करीना की तस्वीरों में उनका क्लीवेज नजर आने से। उन्होंने धर्म के नाम पर महिलाओं के शरीर की निगरानी और उन्हें माफी मांगने के लिए दबाव डालने की आलोचना की। उनका कहना है कि अगर कोई व्यक्ति किसी धार्मिक आयत को पवित्र मानता है तो वह उसकी आस्था है, लेकिन अपनी मान्यता का बोझ दूसरे व्यक्ति पर नहीं डाला जाना चाहिए।
दरअसल, करीना ने दिवाली के मौके पर डिजाइनर पुनीत बालाना का बेज रंग का कफ्तान और उससे मिलता-जुलता पगड़ी स्टाइल हेडगियर पहना था। उनके लुक में 30 कैरेट का पन्ने वाला पेंडेंट भी शामिल था, जिस पर आयतुल कुर्सी लिखी हुई है। यह कुरान की सूरह अल-बकरा की 255वीं आयत है।
करीना की स्टाइलिस्ट रिया कपूर ने इस जूलरी को करीब 200 साल पुराना भोपाल के पूर्व शाही परिवार का विरासत में मिला गहना बताया था। उनके मुताबिक यह गहना करीना को उनके पति सैफ अली खान के परिवार के जरिए मिला है। सैफ अली खान की दादी साजिदा सुल्तान भोपाल के आखिरी शासक नवाब हमीदुल्लाह खान की बेटी थीं।
इस विवाद पर मुस्लिम समाज में भी अलग-अलग राय सामने आई है। भोपाल के नायब शहर काजी अली कदर हुसैनी ने पेंडेंट पहनने के तरीके पर सवाल उठाए और कुरान की आयत की पवित्रता का ध्यान रखने की बात कही। वहीं ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी के शम्सुल हसन बल्ली ने करीना का समर्थन करते हुए इसे पटौदी परिवार की विरासत से जुड़ा गहना बताया।
करीना के समर्थन में हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच भी सामने आए हैं। हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि करीना को माफी मांगने की जरूरत नहीं है। वहीं अब तस्लीमा नसरीन के समर्थन के बाद विवाद में महिलाओं की स्वतंत्रता, धार्मिक भावनाओं और व्यक्तिगत पसंद को लेकर बहस और तेज हो गई है।
फिलहाल करीना कपूर खान या रिया कपूर की ओर से कानूनी नोटिस पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं तस्लीमा नसरीन के समर्थन के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।