Knews Desk- देशभर के लाखों मेडिकल अभ्यर्थियों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET-UG 2026 की पुनर्परीक्षा की नई तारीख घोषित कर दी है। अब यह परीक्षा 21 जून 2026, रविवार को आयोजित की जाएगी। इससे पहले 3 मई को आयोजित हुई परीक्षा को पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं के आरोपों के बाद रद्द कर दिया गया था। इस मामले की जांच फिलहाल केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) कर रही है।
पेपर लीक के बाद लिया गया बड़ा फैसला
एनटीए ने केंद्र सरकार से मंजूरी मिलने के बाद नई परीक्षा तिथि की घोषणा की। एजेंसी ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। किसी भी जानकारी या सहायता के लिए एनटीए ने अपनी आधिकारिक ई-मेल आईडी जारी की है। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 और 011-69227700 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

परीक्षा को दोबारा कराने की तैयारियों को लेकर गुरुवार देर शाम केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan के आवास पर एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में NEET-UG परीक्षा के संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और पारदर्शिता सुनिश्चित करने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार, सरकार इस बार परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह सुरक्षित और निष्पक्ष बनाने के लिए विशेष कदम उठा रही है।
शिक्षा मंत्री के आवास पर हुई उच्च स्तरीय बैठक
बैठक में उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी, स्कूल शिक्षा सचिव संजय कुमार, एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह, सीबीएसई के अध्यक्ष तथा केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) और नवोदय विद्यालय समिति (NVS) के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों की निगरानी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और डिजिटल ट्रैकिंग जैसे उपायों पर भी विचार-विमर्श किया। गौरतलब है कि 3 मई को आयोजित NEET-UG 2026 परीक्षा के बाद कई राज्यों से पेपर लीक की शिकायतें सामने आई थीं। इसके बाद छात्रों और अभिभावकों ने परीक्षा रद्द कर दोबारा आयोजित करने की मांग की थी। बढ़ते विवाद और विरोध के बीच केंद्र सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया।
अब नई तारीख घोषित होने के बाद लाखों छात्र दोबारा परीक्षा की तैयारी में जुट गए हैं। हालांकि कई अभ्यर्थियों ने कम समय मिलने को लेकर चिंता भी जताई है। वहीं, सरकार और एनटीए का कहना है कि इस बार परीक्षा पूरी पारदर्शिता और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की जाएगी, ताकि छात्रों का भरोसा फिर से कायम हो सके।