Knews Desk– कानपुर के परमट स्कूल विवाद ने शुक्रवार को बड़ा राजनीतिक मोड़ ले लिया है। विधायक अमिताभ बाजपेयी आज 15 मई 2026, शुक्रवार को सुबह 11 बजे परमट स्कूल में शिलान्यास करेंगे। विधायक की ओर से जारी मीडिया सूचना में सभी मीडिया कर्मियों को कवरेज के लिए आमंत्रित किया गया है। हालांकि शिलान्यास कार्यक्रम से पहले ही देर रात विधायक के घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर बैरिकेडिंग कर दी गई। आरोप है कि विधायक को घर से बाहर निकलने से रोकने के लिए यह कार्रवाई की गई, ताकि वे शिलान्यास कार्यक्रम तक न पहुंच सकें।

https://www.facebook.com/share/v/17fcXX4aZR
इस पूरे घटनाक्रम के बाद मामला शहर की राजनीति में चर्चा का केंद्र बन गया है। विधायक अमिताभ बाजपेई ने देर रात करीब 12:15 बजे सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। इसके बाद उन्होंने अपने फेसबुक पेज से लाइव आकर पूरे मामले की जानकारी दी। लाइव वीडियो में विधायक ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से कार्यक्रम करने से उन्हें रोका जा रहा है और उनके घर के बाहर पुलिस लगाकर उन्हें नजरबंद करने जैसी स्थिति पैदा कर दी गई है।

https://www.facebook.com/share/v/1CvsvBfiVa
स्थानीय लोगों के मुताबिक देर रात से ही विधायक के आवास के बाहर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए थे। बैरिकेड लगाकर आने-जाने के रास्तों पर निगरानी रखी गई। विधायक समर्थकों ने इसे राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश बताया है। वहीं प्रशासन की ओर से अभी तक इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। परमट स्कूल को लेकर पिछले कुछ दिनों से विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। अब यह मुद्दा केवल स्थानीय प्रशासनिक मामला नहीं रह गया, बल्कि सांसद और विधायक के बीच प्रतिष्ठा का विषय बन चुका है। राजनीतिक गलियारों में इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं तेज हैं और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में यह विवाद और बढ़ सकता है।
फिलहाल देर रात हुई पुलिस कार्रवाई, विधायक के सोशल मीडिया लाइव और परमट स्कूल को लेकर बढ़ते विवाद ने शहर का राजनीतिक माहौल गर्म कर दिया है। अब सबकी नजर आज होने वाले शिलान्यास कार्यक्रम और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।