अस्पताल बना मंडप, ICU में दूल्हे ने भरी दुल्हन की मांग… भावुक कर देगी सच्चे प्यार की ये अनोखी कहानी

KNEWS DESK – गोरखपुर के बांसगांव थाना क्षेत्र के हटवार गांव से एक भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी की खुशियां अचानक अस्पताल के आईसीयू तक पहुंच गईं। एलएलबी की छात्रा पूजा यादव की शादी 13 मई 2026 को महदेवा बाजार के महुआ निवासी सन्नी यादव से तय थी, और घर में जोर-शोर से तैयारियां चल रही थीं।

लेकिन शादी वाले दिन ही पूजा परीक्षा देने के बाद भाई के साथ बाइक से लौट रही थी, तभी रास्ते में उसे अचानक चक्कर आ गया और वह गिर गई। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट लग गई और वह बेहोश हो गई। परिजन तुरंत उसे गोरखपुर के आर्यन हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए आईसीयू में भर्ती कर दिया।

जब यह खबर दूल्हे सन्नी यादव और दोनों परिवारों तक पहुंची, तो शादी को टालने के बजाय एक बड़ा फैसला लिया गया। तय किया गया कि शादी तय मुहूर्त पर ही होगी, चाहे परिस्थितियां कैसी भी हों।

रात होते-होते दूल्हा सन्नी यादव बारात लेकर सीधे अस्पताल पहुंचा। आईसीयू के बाहर ही शादी की रस्मों की व्यवस्था की गई। अस्पताल के बेड पर भर्ती पूजा के पास खड़े होकर दूल्हे ने उसकी मांग में सिंदूर भरा और पंडित की मौजूदगी में दोनों ने सात फेरे लिए और सात वचन भी पूरे किए।

इस दौरान पूरा माहौल भावुक हो गया। जहां एक तरफ दुल्हन अस्पताल के बेड पर थी, वहीं दूल्हा शादी के जोड़े में खड़ा अपनी जीवनसाथी का साथ निभाने का वादा कर रहा था। रात करीब एक बजे यह अनोखी शादी पूरी हुई।

इस घटना ने पूरे इलाके में लोगों को भावुक कर दिया है और दूल्हे के फैसले की हर तरफ सराहना हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *