KNEWS DESK- फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और उनकी पत्नी ब्रिजिट मैक्रों एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में सामने आई एक नई किताब में उनके बीच हुई कथित बहस और एक पुरानी वायरल घटना को लेकर कई चौंकाने वाले दावे किए गए हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है।

पिछले साल वियतनाम दौरे के दौरान हनोई एयरपोर्ट पर एक वीडियो सामने आया था, जिसमें राष्ट्रपति मैक्रों के प्लेन का दरवाजा खुलते ही उनकी पत्नी ब्रिजिट उन्हें चेहरे पर हल्का धक्का देती नजर आई थीं। उस समय मैक्रों ने इसे पति-पत्नी की “मस्ती” और हल्का मजाक बताया था, लेकिन यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया था।
“Un Couple (Presque) Parfait” नाम की किताब, जिसे पत्रकार फ्लोरियन टार्डिफ ने लिखा है, में इस घटना के पीछे एक अलग कहानी का दावा किया गया है। किताब के अनुसार, ब्रिजिट मैक्रों उस समय नाराज थीं क्योंकि उन्होंने कथित तौर पर अपने पति के फोन पर ईरानी एक्ट्रेस Golshifteh Farahani को भेजे गए मैसेज देख लिए थे। लेखक का दावा है कि इन संदेशों को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ा और यही विवाद उस सार्वजनिक घटना तक पहुंच गया।
रिपोर्ट के मुताबिक, किताब में यह भी दावा किया गया है कि राष्ट्रपति मैक्रों ने एक्ट्रेस को कुछ निजी संदेश भेजे थे, जिनमें उनकी तारीफ भी शामिल थी। हालांकि लेखक ने यह भी कहा कि उनके बीच संबंध सिर्फ दोस्ती का था।
किताब में यह दावा किया गया है कि इन संदेशों को लेकर राष्ट्रपति और उनकी पत्नी के बीच बहस हुई, जिसने उस एयरपोर्ट की घटना को जन्म दिया।
हालांकि इन दावों को लेकर ब्रिजिट मैक्रों के करीबी सूत्रों ने साफ तौर पर इनकार किया है। उनके मुताबिक, ब्रिजिट ने कभी अपने पति का फोन नहीं देखा और न ही किसी मैसेज को लेकर ऐसी कोई घटना हुई।
वहीं, गोलशिफ्ते फराहानी ने भी स्पष्ट किया है कि उनका राष्ट्रपति मैक्रों के साथ कोई रोमांटिक संबंध नहीं है और वे केवल परिचित हैं।
लेखक फ्लोरियन टार्डिफ ने दावा किया है कि उनकी किताब तथ्यों पर आधारित है, लेकिन इन दावों को लेकर अब भी कई पक्षों से विरोधाभासी बयान सामने आ रहे हैं। इसी वजह से यह मामला एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मीडिया में चर्चा का विषय बन गया है।