अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी, 7 करोड़ रुपये की मांग; बेटी हर्षिता को भी निशाना बनाने की बात

KNEWS DESK- आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, केजरीवाल से 7 करोड़ रुपये की मांग की गई है। पैसे नहीं देने पर केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल की हत्या करने की धमकी दी गई है। मामले में दिल्ली की तिलक नगर विधानसभा सीट से AAP विधायक जरनैल सिंह को धमकी भरे फोन कॉल और WhatsApp मैसेज मिलने की बात सामने आई है।

विधायक जरनैल सिंह को मिले धमकी भरे कॉल और मैसेज

जानकारी के मुताबिक, AAP विधायक जरनैल सिंह को धमकी भरे फोन कॉल और WhatsApp मैसेज मिले। इसके बाद उन्होंने 6 नवंबर को मोहाली के एसएसपी के पास शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर मोहाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को सौंपी गई है।

7 करोड़ रुपये की मांग, पैसे नहीं देने पर हत्या की धमकी

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, धमकी देने वाले ने अरविंद केजरीवाल से 7 करोड़ रुपये की मांग की। शिकायत में आरोप है कि रकम नहीं देने पर केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल की हत्या करने की बात कही गई।

इस मामले के सामने आने के बाद केजरीवाल और उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठे हैं। विधायक जरनैल सिंह ने अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

कॉल रिकॉर्ड और IP लॉग खंगाल रही पुलिस

मामले की जांच में जुटी पुलिस धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान करने के लिए कॉल रिकॉर्ड, IP लॉग और लोकेशन की जांच कर रही है। पुलिस धमकी भरे कॉल और WhatsApp मैसेज से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगाल रही है फिलहाल साइबर क्राइम पुलिस मामले की जांच कर रही है और धमकी देने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *