KNEWS DESK- आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन लगातार निराशाजनक रहा है। पांच बार की चैंपियन टीम इस सीजन में अब तक सिर्फ तीन मैच जीत सकी है, जबकि आठ मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। खराब प्रदर्शन के चलते टीम प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी है और अंक तालिका में नौवें स्थान पर बनी हुई है।
टीम के लगातार खराब खेल के बीच अब ड्रेसिंग रूम के माहौल को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। सोशल मीडिया पर ऐसी चर्चाएं तेज हैं कि खिलाड़ियों के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा और टीम में अंदरूनी मतभेद की स्थिति बन गई है।
इसी बीच कप्तान Hardik Pandya को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हार्दिक पीठ में खिंचाव (बैक स्पैम) की समस्या से जूझ रहे हैं, जिसके कारण वह लखनऊ सुपर जाएंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मुकाबलों में नहीं खेल सके। उनकी गैरमौजूदगी में सूर्यकुमार यादव ने टीम की कप्तानी संभाली।
हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने फैंस को चौंका दिया। वीडियो में हार्दिक पांड्या रिलायंस की एक निजी सुविधा में अकेले नेट प्रैक्टिस करते नजर आए। इस दौरान वह बिना किसी परेशानी के बड़े शॉट लगाते दिखे, जिसके बाद फैंस ने उनकी चोट की गंभीरता पर सवाल उठाने शुरू कर दिए।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ फैंस का मानना है कि हार्दिक फिट हैं और जल्द वापसी कर सकते हैं, जबकि कुछ लोगों ने इसे टीम के अंदर चल रहे तनाव से जोड़ना शुरू कर दिया।
हालांकि मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच Mahela Jayawardene ने साफ किया है कि हार्दिक की पीठ की समस्या अभी पूरी तरह ठीक नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि मेडिकल टीम लगातार उनकी फिटनेस पर काम कर रही है और बिना पूरी तरह फिट हुए उन्हें मैदान पर उतारने का जोखिम नहीं लिया जाएगा।
अब सभी की नजरें मुंबई इंडियंस के अगले मुकाबले पर टिकी हैं, जहां यह साफ हो सकता है कि हार्दिक पांड्या वापसी करेंगे या नहीं।