GT vs SRH: गुजरात टाइटंस की रिकॉर्ड जीत, हैदराबाद को 82 रनों से हराकर पॉइंट्स टेबल में टॉप पर वापसी

KNEWS DESK- आईपीएल 2026 के 56वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने अपने घरेलू मैदान नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शानदार प्रदर्शन करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को 82 रन के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ गुजरात ने लगातार चौथी और सीजन की आठवीं जीत दर्ज करते हुए पॉइंट्स टेबल में फिर से पहला स्थान हासिल कर लिया और प्लेऑफ की ओर लगभग कदम बढ़ा दिए।

यह मुकाबला गुजरात टाइटंस के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ, क्योंकि रनों के लिहाज से यह उनकी IPL इतिहास की सबसे बड़ी जीत रही, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद का यह IPL इतिहास का सबसे कम स्कोर भी बन गया।

टॉस और शुरुआती झटकों के बाद गुजरात टाइटंस की पारी धीमी शुरुआत के साथ आगे बढ़ी। पावरप्ले में टीम सिर्फ 34 रन ही बना सकी और कप्तान Shubman Gill (5) और जोस बटलर (7) जल्दी आउट हो गए। इसके बावजूद साई सुदर्शन ने एक बार फिर शानदार बल्लेबाजी करते हुए लगातार तीसरा अर्धशतक जड़ा और 61 रन की अहम पारी खेली।

सुदर्शन ने वॉशिंगटन सुंदर के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी की। सुंदर ने भी जिम्मेदारी निभाते हुए 50 रन की उपयोगी पारी खेली, जिससे गुजरात किसी तरह 5 विकेट पर 168 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा करने में सफल रही। सनराइजर्स की ओर से पैट कमिंस ने 1 विकेट और प्रफुल्ल हिंगे ने 2 विकेट लिए, लेकिन बाकी गेंदबाज प्रभाव नहीं छोड़ सके।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही। गुजरात के तेज गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बना दिया। मोहम्मद सिराज ने पहले ही ओवर में ट्रैविस हेड को शून्य पर आउट कर दिया, जबकि कगिसो रबाडा ने अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और रविचंद्रन स्मरण को जल्दी पवेलियन भेज दिया।

सिर्फ 32 रन पर ही सनराइजर्स के चार विकेट गिर चुके थे और टीम पूरी तरह बैकफुट पर चली गई। इसके बाद भी विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा और 11वें ओवर तक टीम 60 रन पर सात विकेट खो चुकी थी। कप्तान पैट कमिंस ने 19 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन जेसन होल्डर और प्रसिद्ध कृष्णा की घातक गेंदबाजी के आगे पूरी टीम 14.5 ओवर में सिर्फ 86 रन पर सिमट गई।

इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस ने न सिर्फ अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया, बल्कि बाकी टीमों को भी साफ संदेश दे दिया कि वह इस सीजन की सबसे मजबूत दावेदारों में से एक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *