KNEWS DESK- समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे और अस्पताल ले जाए जाने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।
38 वर्षीय प्रतीक यादव एक राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखते थे, लेकिन उन्होंने हमेशा सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए रखी। पूर्व मुख्यमंत्री Akhilesh Yadav के सौतेले भाई होने के बावजूद उन्होंने कभी राजनीतिक मंच पर सक्रिय भूमिका नहीं निभाई।
सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ समय से वह किडनी से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे थे और उनका इलाज भी चल रहा था। 30 अप्रैल को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया था, लेकिन बीती रात उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई। सुबह करीब 5:55 बजे उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रतीक यादव का जीवन राजनीति से दूर रहकर फिटनेस, व्यवसाय और पशु कल्याण कार्यों पर केंद्रित रहा। उन्होंने ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की थी और इसके बाद रियल एस्टेट और फिटनेस क्षेत्र में काम किया। लखनऊ में उन्होंने ‘द फिटनेस प्लानेट’ नाम से जिम भी शुरू किया था।
फिटनेस के प्रति उनके गहरे लगाव के चलते वह सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहते थे और अपने वर्कआउट से जुड़े वीडियो साझा करते थे। इसके अलावा, वह जानवरों के प्रति भी बेहद संवेदनशील थे और ‘जीव आश्रय’ नाम की संस्था चलाते थे, जिसके जरिए सड़क पर रहने वाले कुत्तों की देखभाल, इलाज और भोजन की व्यवस्था की जाती थी।
राजनीतिक परिवार से जुड़े होने के बावजूद प्रतीक यादव ने हमेशा एक साधारण जीवन को प्राथमिकता दी। उनका कहना था कि उन्हें राजनीति में रुचि नहीं है और वह मैनेजमेंट व निजी व्यवसाय से जुड़े कार्यों में ही सहज महसूस करते हैं।
उनकी पत्नी अपर्णा यादव पहले समाजवादी पार्टी से जुड़ी थीं, लेकिन बाद में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गईं। दोनों की मुलाकात विदेश में पढ़ाई के दौरान हुई थी और वर्ष 2011 में उन्होंने शादी की थी। हालांकि पिछले वर्षों में उनके वैवाहिक जीवन को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी सामने आई थीं।