प्रतीक यादव की मौत के बाद जांच में जुटी पुलिस, अपर्णा यादव के घर जाएगी टीम, फोन को कब्जे में लिया

KNEWS DESK- समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार को निधन हो गया। 38 वर्षीय प्रतीक यादव की मौत के बाद अब लखनऊ पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

सूत्रों के मुताबिक, बुधवार सुबह प्रतीक यादव अपने घर के किचन में अचेत अवस्था में मिले थे। परिवार के लोगों ने तुरंत अस्पताल से संपर्क किया और उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रतीक यादव की मौत के बाद लखनऊ पुलिस अब भाजपा नेता अपर्णा यादव के घर जाकर जांच करेगी। पुलिस यह जानने की कोशिश करेगी कि घटना के समय घर में क्या परिस्थितियां थीं और प्रतीक यादव की तबीयत अचानक कैसे बिगड़ी। पुलिस ने जांच के तहत प्रतीक यादव का मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 4:55 बजे घर में मौजूद लोगों ने अस्पताल को फोन कर सूचना दी थी। इसके बाद करीब 6 बजे प्रतीक यादव को अस्पताल लाया गया। फिलहाल उनकी मौत के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए King George’s Medical University भेज दिया गया है।

सूत्रों का कहना है कि 30 अप्रैल को स्वास्थ्य खराब होने के बाद प्रतीक यादव को मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने उन्हें निगरानी में रखने की सलाह दी थी, लेकिन हालत में सुधार होने पर उन्होंने अस्पताल से छुट्टी लेकर घर पर ही आराम करना शुरू कर दिया था।

इस बीच, पोस्टमार्टम प्रक्रिया को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। बताया जा रहा है कि पूरे पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराई जाएगी और चार डॉक्टरों की टीम इसकी निगरानी करेगी। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर अपर्णा यादव के भाई मौजूद हैं। वहीं, अपर्णा यादव घटना के समय दिल्ली में थीं और पति के निधन की सूचना मिलने के बाद तुरंत लखनऊ के लिए रवाना हो गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *