KNEWS DESK – बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिस एक बार फिर 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग केस को लेकर सुर्खियों में हैं। यह मामला ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़ा है, जिसमें लंबे समय से जांच चल रही है और अब इसमें एक नया मोड़ सामने आया है।
ताजा घटनाक्रम में जैकलीन फर्नांडिस ने इस केस में सरकारी गवाह (अप्रूवर) बनने की इच्छा जताई है। गौरतलब है कि पहले उन्हें जांच एजेंसियों की तरफ से यह विकल्प दिया गया था, लेकिन उस समय एक्ट्रेस ने इसे ठुकरा दिया था। अब उनके इस नए रुख ने मामले को फिर से चर्चा में ला दिया है।
हालांकि, इस मांग का प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कड़ा विरोध किया है। एजेंसी का कहना है कि जांच के दौरान जैकलीन का रवैया सहयोगात्मक नहीं रहा और उन्होंने कई अहम जानकारियां छिपाईं। ED के अनुसार, उन्होंने PMLA की धारा 50 के तहत दर्ज अपने बयानों में पूरी सच्चाई सामने नहीं रखी।
एजेंसी ने यह भी दावा किया है कि जैकलीन को सुकेश चंद्रशेखर के आपराधिक बैकग्राउंड की जानकारी थी, इसके बावजूद उन्होंने उनके साथ संपर्क बनाए रखा। ऐसे में ED का मानना है कि उन्हें सरकारी गवाह बनने की अनुमति देना उचित नहीं होगा।
इस मामले में पटियाला हाउस कोर्ट ने अगली सुनवाई 12 मई के लिए तय की है और जैकलीन के वकील को ED के जवाब पर अपनी दलील पेश करने का समय दिया है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि कोर्ट इस मुद्दे पर क्या फैसला लेता है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो जैकलीन फर्नांडिस 2025 में ‘फतह’, ‘रेड 2’ और ‘हाउसफुल 5’ जैसी फिल्मों में नजर आई थीं। इनमें से ‘रेड 2’ और ‘हाउसफुल 5’ ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया, जबकि ‘फतह’ उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई।