तेलंगाना: महबूबनगर में मौत की बाइक रेसिंग…. कार से टकराई स्पोर्ट्स बाइक, मासूमों समेत एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत

डिजिटल डेस्क- तेलंगाना के महबूबनगर जिले से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। सोमवार देर रात पालकोंडा बाईपास रोड पर तेज रफ्तार का ऐसा कहर टूटा कि पल भर में पांच जिंदगियां खत्म हो गई। बाइक रेसिंग के जुनून और रफ्तार की सनक ने न केवल रेस लगा रहे युवाओं की जान ली, बल्कि एक हंसते-खेलते परिवार को भी हमेशा के लिए उजाड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। जानकारी के अनुसार, यह भीषण दुर्घटना रात करीब 12:30 बजे पेश आई। उस समय एक हुंडई वरना कार पालकोंडा बाईपास रोड पर धीरे-धीरे यू-टर्न ले रही थी। इसी दौरान सड़क पर कुछ युवक अपनी स्पोर्ट्स बाइक से रेस लगा रहे थे। चश्मदीदों के मुताबिक, एक स्पोर्ट्स बाइक की रफ्तार इतनी अधिक थी कि चालक उस पर नियंत्रण नहीं रख सका और वह सीधे कार के बीचों-बीच जा घुसी। टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक और कार दोनों के परखच्चे उड़ गए।

मासूमों समेत 5 लोगों ने मौके पर तोड़ा दम

इस हृदयविदारक हादसे में कार सवार हैदराबाद के एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में 30 वर्षीय अर्शा बेगम, 7 वर्षीय मासूम उजेपा और महज 2 साल का नन्हा उमर शामिल है। वहीं, बाइक सवार दो युवकों ने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया। बाइक सवारों में से एक की पहचान 25 वर्षीय याकूब अफजल (हैदराबाद निवासी) के रूप में हुई है, जबकि दूसरे युवक की शिनाख्त के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।

पुलिस की सुस्ती पर उठे सवाल

हादसे के बाद इलाके में भारी जाम लग गया, जिसे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद खुलवाया। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि पालकोंडा बाईपास रोड पर रात के समय अवैध बाइक रेसिंग एक रोज की बात हो गई है। कई बार शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने कोई सख्त कदम नहीं उठाया। लोगों का कहना है कि अगर पुलिस गश्त बढ़ाती और रेसिंग रोकने के लिए सख्ती दिखाती, तो आज ये मासूम जिंदा होते।

जांच में जुटी पुलिस और कानूनी कार्रवाई

पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर रेसिंग में शामिल अन्य युवकों की भी तलाश की जा रही है। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए बाईपास रोड पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम और अवैध रेसिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का दावा किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *