KNEWS DESK – ओटीटी की दुनिया में जब भी सबसे आइकॉनिक सीरीज की बात होती है, तो सबसे पहले नाम आता है ‘मनी हाइस्ट’ का। स्पेनिश भाषा में बनी इस सीरीज ने सिर्फ अपने देश में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की। ‘ला कासा डी पापेल’ नाम से शुरू हुई इस कहानी ने ओटीटी प्लेटफॉर्म्स का इतिहास बदल दिया और दर्शकों को एक नया अनुभव दिया।
दिलचस्प बात यह है कि जिस शो को आज दुनिया की सबसे बड़ी वेब सीरीज में गिना जाता है, वह शुरुआत में फ्लॉप माना गया था। टीवी पर प्रसारित होने के बाद पहले सीजन के बाद इसे कैंसिल कर दिया गया था। लेकिन जब नेटफ्लिक्स ने इसे अपने प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया, तो इस शो ने ऐसा धमाका किया कि इसकी लोकप्रियता आसमान छूने लगी। दर्शकों के जबरदस्त प्यार की वजह से शो के कुल पांच सीजन बनाए गए।
हाल ही में नेटफ्लिक्स ने ‘मनी हाइस्ट’ यूनिवर्स को लेकर एक नया अनाउंसमेंट टीजर शेयर किया। इस टीजर में मेकर्स ने संकेत दिया कि वे इस यूनिवर्स को और बड़ा करने की तैयारी में हैं। टीजर सामने आते ही फैंस के बीच उत्साह बढ़ गया और कई लोगों ने अनुमान लगाना शुरू कर दिया कि शायद ‘मनी हाइस्ट सीजन 6’ आने वाला है।
https://www.instagram.com/p/DYIt-sbjOm4
हालांकि, अभी तक सीजन 6 को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन इतना तय माना जा रहा है कि ‘बर्लिन सीजन 2’ के बाद इस यूनिवर्स को और विस्तार दिया जाएगा। फैंस को उम्मीद है कि आने वाले समय में शो के कई पुराने और लोकप्रिय किरदारों की वापसी देखने को मिल सकती है।
स्पेन में नेटफ्लिक्स ने इस अनाउंसमेंट को खास बनाने के लिए एक बड़ा इवेंट भी आयोजित किया। इस इवेंट में शो के सबसे लोकप्रिय किरदार ‘प्रोफेसर’ यानी सर्जियो मार्कीना भी नजर आए। प्रोफेसर का किरदार निभाने वाले अभिनेता अल्वारो मोर्टे को देखकर फैंस की खुशी दोगुनी हो गई। उनकी मौजूदगी ने सीजन 6 की अटकलों को और तेज कर दिया।
कुछ फैंस का मानना है कि ‘मनी हाइस्ट’ का नया सीजन आ सकता है, जबकि कई लोग यह भी सोच रहे हैं कि ‘बर्लिन’ की तरह दूसरे किरदारों पर भी स्पिनऑफ सीरीज बनाई जा सकती है।
बता दें कि ‘मनी हाइस्ट’ का आखिरी सीजन साल 2021 में रिलीज हुआ था। इसके बाद मेकर्स ने ‘बर्लिन’ नाम से एक स्पिनऑफ शो पेश किया, जो काफी सफल रहा। इसके दो सीजन रिलीज हो चुके हैं और दोनों को दर्शकों ने खूब पसंद किया।