फतेहपुर: प्यार में बेवफाई ने उजाड़ा घर, चार बच्चों की मां प्रेमी संग फरार, आहत पति ने बीच सड़क पेट्रोल छिड़कर की आग लगाने की कोशिश

शिव शंकर सविता- उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने रिश्तों की पवित्रता और सामाजिक मर्यादाओं को तार-तार कर दिया है। खखरेरू थाना क्षेत्र के पौली गांव में एक चार बच्चों की मां अपने पड़ोस में रहने वाले प्रेमी के साथ फरार हो गई। पत्नी की इस बेवफाई और पुलिस की कथित शिथिलता से आहत होकर पीड़ित पति ने बीच सड़क पर खुद को आग लगाकर जान देने की कोशिश की। गनीमत रही कि ग्रामीणों ने समय रहते उसे बचा लिया। दिल दहला देने वाली यह वारदात पौली गांव की है। बताया जा रहा है कि यहां रहने वाले एक युवक की पत्नी का प्रेम प्रसंग पिछले काफी समय से पड़ोस में ही रहने वाले एक अन्य युवक के साथ चल रहा था। लोक-लाज और अपने चार मासूम बच्चों की ममता को दरकिनार कर महिला अचानक अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर रफूचक्कर हो गई। जैसे ही पति को पत्नी के फरार होने की जानकारी मिली, उसके सामने दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वह कई दिनों तक अपनी पत्नी को पागलों की तरह ढूंढता रहा, लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं मिला।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ खौफनाक वीडियो

मानसिक तनाव और बेबसी के चलते पीड़ित पति ने आत्मघाती कदम उठाने का फैसला किया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने इलाके में सनसनी फैला दी है। वीडियो में देखा जा सकता है कि पीड़ित युवक बीच सड़क पर खड़ा होकर चिल्ला-चिल्लाकर अपनी पीड़ा बयां कर रहा है। अचानक उसने अपने ऊपर पेट्रोल उड़ेल लिया और खुद को आग लगाने की कोशिश करने लगा। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने सूझबूझ और बहादुरी का परिचय देते हुए तुरंत उसे पकड़ा और उसके हाथ से माचिस छीन ली, जिससे उसकी जान बच गई।

पुलिस पर लापरवाही का आरोप और अल्टीमेटम

पीड़ित पति का गंभीर आरोप है कि उसने अपनी पत्नी की गुमशुदगी और पड़ोसी के खिलाफ लिखित शिकायत खखरेरू थाने में दी थी, लेकिन पुलिस ने उसकी व्यथा को गंभीरता से नहीं लिया। पुलिसिया कार्रवाई न होने के कारण वह पूरी तरह टूट गया था। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को युवक ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उसकी पत्नी को जल्द बरामद नहीं किया गया और आरोपी प्रेमी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो वह दोबारा अपनी जीवनलीला समाप्त करने का प्रयास करेगा। इस पूरे ‘लव ट्रायंगल’ में सबसे बुरा हाल उन चार मासूम बच्चों का है जिनके सिर से मां का साया उठ गया है। गांव वालों का कहना है कि बच्चे अपनी मां को याद कर लगातार रो रहे हैं। घर की खुशियां एक झटके में मातम में बदल गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *