Knews Desk-गाजियाबाद के पटेल नगर इलाके में शनिवार तड़के एक एसी सर्विस सेंटर में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 80 वर्षीय त्रिलोकी नाथ की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 2 कारें और करीब 10 मोटरसाइकिलें जलकर राख हो गईं। आग इतनी भयावह थी कि इमारत में रखे एसी गैस सिलेंडरों और कंप्रेसरों में लगातार धमाके होते रहे, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 3:05 बजे पटेल नगर स्थित प्लॉट नंबर एफ-87 की तीन मंजिला इमारत में हुई, जहां एसी रिपेयर और सर्विस सेंटर संचालित किया जा रहा था। आग लगते ही देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग धुएं और आग की लपटों से घिर गई। धमाकों की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
घनी आबादी वाले क्षेत्र में आग फैलने की आशंका को देखते हुए दमकल विभाग ने तत्काल कार्रवाई की। मौके पर फायर ब्रिगेड की करीब 8 गाड़ियां पहुंचीं और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत और बचाव अभियान के दौरान दमकलकर्मियों ने पूरी इमारत की तलाशी ली, जहां भूतल पर 80 वर्षीय त्रिलोकी नाथ मृत अवस्था में मिले। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक उनकी मौत दम घुटने और आग की चपेट में आने से हुई।

हादसे में सर्विस सेंटर के बाहर खड़े वाहन भी आग की चपेट में आ गए। आसपास के लोगों का कहना है कि यदि दमकल विभाग समय पर नहीं पहुंचता, तो आग पास की इमारतों तक फैल सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था।
बताया जा रहा है कि एसी सर्विस सेंटर का संचालन ओमकार तोमर नामक व्यक्ति द्वारा किया जाता था। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट या एसी गैस सिलेंडर से जुड़े तकनीकी कारणों की जताई जा रही है। हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।