भारत में ₹75 लाख रुपये तक सस्ती हुई Range Rover SV, नई कीमतों ने बढ़ाई हलचल,जानिए किन मॉडल्स पर पड़ा असर

KNEWS DESK- भारत में लग्ज़री कार बाजार में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। Jaguar Land Rover India (JLR) ने अपने फ्लैगशिप मॉडल्स की कीमतों में भारी कटौती का ऐलान किया है। यह फैसला भारत और यूके के बीच हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, जिससे ग्राहकों को सीधे तौर पर ड्यूटी में राहत का फायदा मिलेगा।

Range Rover SV और Sport SV हुए सस्ते

कंपनी ने Range Rover SV की कीमत ₹4.25 करोड़ से घटाकर ₹3.50 करोड़ (एक्स-शोरूम) कर दी है, यानी इस पर ₹75 लाख की बड़ी कटौती की गई है। वहीं Range Rover Sport SV अब ₹2.75 करोड़ की जगह ₹2.35 करोड़ में उपलब्ध है, जिससे ग्राहकों को ₹40 लाख की बचत होगी। नई कीमतें तुरंत लागू कर दी गई हैं।

Range Rover SV में मिले नए प्रीमियम फीचर्स

कीमत में कमी के साथ कंपनी ने इस SUV को और आकर्षक बनाने के लिए नए फीचर्स भी जोड़े हैं। अब इसमें SV Ultra Metallic पेंट स्टैंडर्ड रूप में मिलेगा, जो ग्लॉस और सैटिन फिनिश में उपलब्ध है। इससे कार की प्रीमियम अपील और भी बढ़ जाती है। JLR इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर Rajan Amba के अनुसार, यह कदम ‘कस्टमर-फर्स्ट’ रणनीति के तहत उठाया गया है, ताकि ग्राहक पहले से ही FTA का लाभ उठा सकें।

किन मॉडल्स की कीमतों में नहीं हुआ बदलाव?

यह कटौती केवल UK से आयात होने वाले CBU मॉडल्स पर लागू होगी। भारत में लोकली असेंबल किए जाने वाले मॉडल्स जैसे Range Rover Evoque, Range Rover Velar और Discovery Sport की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसके अलावा Land Rover Defender और Land Rover Discovery जैसे मॉडल्स भी अपनी मौजूदा कीमतों पर ही उपलब्ध रहेंगे, क्योंकि ये FTA के दायरे में नहीं आते।

ग्राहकों के लिए सुनहरा मौका

JLR का यह कदम न सिर्फ लग्ज़री SUV सेगमेंट में प्रतिस्पर्धा को बढ़ाएगा, बल्कि ग्राहकों को भी बेहतर कीमत पर प्रीमियम गाड़ियों का अनुभव लेने का मौका देगा। यह उन खरीदारों के लिए खास अवसर है, जो लंबे समय से हाई-एंड SUV खरीदने की योजना बना रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *