डिजिटल डेस्क- हरियाणा के नूंह जिले में कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे मंगलवार की सुबह खून से लाल हो गया। एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के अनियंत्रित होकर आगे चल रहे वाहन से टकराने के कारण उत्तर प्रदेश पुलिस के चार जवानों समेत कुल पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक हादसे ने न केवल खाकी को गहरे जख्म दिए हैं, बल्कि सड़क सुरक्षा के दावों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
तेज रफ्तार और एक गलती ने ली पांच जानें
हादसा ताउरू सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत धुलावट टोल प्लाजा के पास सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। चश्मदीदों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश पुलिसकर्मियों की काली स्कॉर्पियो पलवल की ओर काफी तेज गति से जा रही थी। धुलावट टोल के करीब पहुंचते ही ड्राइवर ने सामने चल रहे एक भारी वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी कोशिश में स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई और सीधे आगे वाले वाहन के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भयावह थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और इंजन के टुकड़े सड़क पर बिखर गए।
जालौन मुख्यालय में तैनात थे पुलिसकर्मी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए सभी चार पुलिसकर्मी उत्तर प्रदेश के जालौन (उरई) जिले के मुख्यालय में तैनात थे। मृतकों की पहचान और वे हरियाणा के इस रूट पर किस आधिकारिक कार्य या निजी यात्रा पर थे, इसकी जांच की जा रही है। हादसे की सूचना जैसे ही उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग को मिली, महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। साथी जवानों की इस तरह अचानक हुई मौत से जालौन पुलिस लाइन में मातम पसरा हुआ है।
रेस्क्यू टीम को मलबे से शव निकालने में छूटे पसीने
ताउरू सदर थाना प्रभारी शीशराम ने बताया कि हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ चुके थे। गाड़ी के भीतर पांचों शव इस कदर फंस गए थे कि उन्हें सामान्य तरीके से बाहर निकालना नामुमकिन था। पुलिस और बचाव दल ने कटर और अन्य मशीनों की मदद से गाड़ी के मलबे को काटकर शवों को बाहर निकाला। काफी मशक्कत के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए नूंह के नागरिक अस्पताल भेजा गया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम अब मामले की विस्तृत जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि स्कॉर्पियो की रफ्तार कितनी थी और क्या हादसे के पीछे किसी तकनीकी खराबी का भी हाथ था। जिस वाहन से टक्कर हुई, उसके चालक के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हादसे की सटीक वजह सामने आ सके।