‘बंगाल में बदला नहीं, बदलाव की बात हो’… विधानसभा चुनावों में ऐतिहासिक जीत के बाद बोले पीएम मोदी

KNEWS DESK – नई दिल्ली स्थित Bharatiya Janata Party मुख्यालय में सोमवार शाम जश्न का माहौल देखने को मिला, जब प्रधानमंत्री Narendra Modi पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में शानदार प्रदर्शन के बाद पार्टी कार्यालय पहुंचे। पूरा परिसर “मोदी-मोदी” और “जय श्रीराम” के नारों से गूंज उठा।

पीएम मोदी का भाजपा मुख्यालय में जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah और भाजपा अध्यक्ष Nitin Nabin भी मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, फूलों और मिठाइयों के साथ जीत का जश्न मनाया। प्रधानमंत्री बंगाली धोती-कुर्ता पहने नजर आए और उन्होंने भारत माता के जयकारे के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की।

पीएम मोदी ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक और अभूतपूर्व है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ चुनावी जीत नहीं, बल्कि देश की सोच में आए बदलाव का संकेत है। उन्होंने कहा— “भारत आज विकास, स्थिरता और अवसर चाहता है। जनता ऐसी राजनीति चाहती है जो देश को आगे बढ़ाए।”

पश्चिम बंगाल और असम में भाजपा की बड़ी बढ़त पर पीएम मोदी ने खास तौर पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि बंगाल में पहली बार शांतिपूर्ण चुनाव हुआ और एक भी निर्दोष नागरिक की जान नहीं गई। उन्होंने कहा— “बंगाल के भाग्य में आज से एक नया अध्याय जुड़ गया है। आज से बंगाल भयमुक्त हुआ है, विकास के भरोसे से युक्त हुआ है।”

उन्होंने कहा कि अब बंगाल में “बदला नहीं, बदलाव” की बात होनी चाहिए और सभी दलों को हिंसा की राजनीति से बाहर आना चाहिए। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि डॉ. Syama Prasad Mukherjee ने जिस बंगाल का सपना देखा था, आज जनता ने भाजपा को उसे पूरा करने का अवसर दिया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में करीब 93 प्रतिशत मतदान अपने आप में ऐतिहासिक है। उन्होंने असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में भी रिकॉर्ड मतदान और महिलाओं की बड़ी भागीदारी को भारतीय लोकतंत्र की सबसे उजली तस्वीर बताया।

असम में भाजपा की लगातार तीसरी बार वापसी पर उन्होंने कहा कि “मां गंगा के साथ ब्रह्मपुत्र का भी आशीर्वाद मिला है।” वहीं पुडुचेरी में एनडीए को मिले समर्थन के लिए जनता का आभार जताते हुए कहा कि सरकार वहां के हर परिवार की समृद्धि के लिए लगातार काम करती रहेगी।

पीएम मोदी ने विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश की संस्कृति को कभी समझ नहीं पाई। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब अर्बन नक्सलियों का गिरोह बनती जा रही है और देश ने कम्युनिज्म को नकार दिया है। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि “महिला विरोधी राजनीति करने वाले अपने पाप नहीं धो पाएंगे।”

उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण के विरोध का परिणाम कांग्रेस, टीएमसी और डीएमके को चुनाव में भुगतना पड़ा है। “नारी शक्ति अब विकसित भारत के निर्माण में तेजी से आगे बढ़ रही है,” पीएम मोदी ने कहा।

भाजपा अध्यक्ष Nitin Nabin ने भी इस जीत को 2024 की कसक पूरी करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि जनता ने पीएम मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है और इंडी गठबंधन चुनाव के बाद ताश के पत्तों की तरह बिखर जाएगा।

पीएम मोदी ने अंत में कहा कि आज देशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं के चेहरों पर जो खुशी दिख रही है, वह वर्षों की साधना का परिणाम है। उन्होंने कहा— “गंगोत्री से गंगासागर तक कमल ही कमल खिला है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *