KNEWS DESK- CM योगी आदित्यनाथ के दो दिवसीय दौरे को लेकर वाराणसी में यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। शहर में 5 और 6 मई को उनके आगमन और प्रस्थान के दौरान कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक पूरी तरह से रोका जाएगा और कुछ इलाकों को नो-व्हीकल जोन घोषित किया गया है।
यातायात पुलिस के अनुसार, गोदौलिया चौराहा से वीवीआईपी मूवमेंट के समय किसी भी वाहन को मैदागिन चौराहा की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। यह क्षेत्र पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
एडीसीपी यातायात अंशुमान मिश्रा ने बताया कि 5 मई को अमर उजाला तिराहा से वीवीआईपी के आगमन से तीन घंटे पहले ही बड़े वाहनों—जैसे टेम्पो ट्रैवलर, बसें और क्रूजर—को लहुराबीर और मैदागिन की ओर जाने से रोक दिया जाएगा। इन वाहनों को लकड़ीमंडी मार्ग की ओर मोड़ दिया जाएगा।
इसी तरह, विशेश्वरगंज तिराहा से एक घंटे पहले चार पहिया वाहनों का प्रवेश मैदागिन की तरफ बंद कर दिया जाएगा और उन्हें गोलगड्डा की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
मरीमाई तिराहा से वीवीआईपी के आवागमन के दौरान किसी भी वाहन को तेलियाबाग की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। वहीं मलदहिया चौराहा से जयसिंह चौराहा और लहुराबीर की ओर भी यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
पिशाचमोचन तिराहा (काशी अनाथालय के पास) और चेतगंज से भी लहुराबीर की दिशा में वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।इसके अलावा, जेपी मेहता से भोजूबीर, गिलट बाजार से भोजूबीर सब्जी मंडी, सिंधौरा अंडरपास और टीएफसी मार्ग से भी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। महावीर मंदिर चौराहा से सब्जी मंडी तिराहा की ओर भी यातायात रोक दिया जाएगा।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लेकर ही निकलें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।