CBSE 12th Result 2026: जल्द जारी हो सकता है 12वीं का रिजल्ट, 18 लाख छात्रों को इंतजार

Knews Desk-केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) जल्द ही कक्षा 12वीं का रिजल्ट जारी कर सकता है। अनुमान है कि इस महीने के दूसरे या तीसरे हफ्ते में परिणाम घोषित किए जा सकते हैं। रिजल्ट जारी होने के बाद 18 लाख से अधिक छात्र इसे आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in और results.cbse.nic.in पर चेक कर सकेंगे। साथ ही, डिजिटल मार्कशीट भी डाउनलोड की जा सकेगी।

सीबीएसई 12वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से 10 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित की गई थीं। अब छात्रों और अभिभावकों को परिणाम का बेसब्री से इंतजार है। बोर्ड की ओर से अब तक आधिकारिक तारीख की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन पिछले वर्षों के ट्रेंड के आधार पर माना जा रहा है कि रिजल्ट मई के तीसरे सप्ताह तक आ सकता है। पिछले साल 2025 में परिणाम 13 मई को घोषित किया गया था, जबकि 2024 और 2023 में भी रिजल्ट मई के दूसरे सप्ताह में जारी हुआ था।

इस वर्ष सीबीएसई ने मूल्यांकन प्रक्रिया को और पारदर्शी बनाने के लिए ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम लागू किया है। इसके तहत उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कंप्यूटर पर डिजिटल रूप से किया जाता है। इससे मैन्युअल त्रुटियों की संभावना कम होती है और परिणाम अधिक सटीक माने जाते हैं। सीबीएसई के नियमों के अनुसार, 12वीं की परीक्षा पास करने के लिए छात्रों को प्रत्येक विषय में कम से कम 33 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य है। थ्योरी और प्रैक्टिकल दोनों में अलग-अलग न्यूनतम अंक हासिल करना जरूरी होता है। यदि किसी विषय में छात्र 33 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त करता है, तो उसे उस विषय में फेल माना जाएगा। ऐसे छात्रों को कंपार्टमेंट परीक्षा या अगले वर्ष दोबारा परीक्षा देने का विकल्प मिलता है। ग्रेडिंग सिस्टम के तहत A से D ग्रेड प्राप्त करने वाले छात्र पास माने जाते हैं, जबकि E ग्रेड को फेल माना जाता है।

रिजल्ट देखने के लिए छात्र UMANG ऐप का भी उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए ऐप डाउनलोड कर CBSE सेक्शन चुनना होगा, फिर मोबाइल नंबर से लॉगिन करके जरूरी जानकारी भरनी होगी, जिसके बाद रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा। अब सभी छात्रों की नजरें जल्द आने वाले CBSE 12th Result 2026 पर टिकी हैं, जो उनके भविष्य की दिशा तय करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *