KNEWS DESK – अक्षय कुमार एक बार फिर अपनी हॉरर-कॉमेडी फिल्म से बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रहे हैं। साल 2007 में रिलीज हुई ‘भूल भुलैया’ ने जिस तरह दर्शकों का दिल जीता था, उसी तरह अब 18 साल बाद निर्देशक प्रियदर्शन और अक्षय कुमार की जोड़ी ‘भूत बंगला’ के जरिए फिर से दर्शकों को हंसाने और डराने में सफल होती नजर आ रही है।
फिल्म को रिलीज हुए 16 दिन हो चुके हैं और अब भी इसकी कमाई मजबूत बनी हुई है। दर्शकों के बीच फिल्म को शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है, जिसका असर सीधे बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर साफ दिखाई दे रहा है।
‘भूत बंगला’ में अक्षय कुमार के साथ तब्बू लीड रोल में नजर आ रही हैं। इसके अलावा फिल्म में परेश रावल, राजपाल यादव, मनोज जोशी, वामिका गब्बी और दिग्गज कॉमेडियन असरानी भी अहम भूमिकाओं में दिखाई दे रहे हैं। खास बात यह है कि असरानी की यह आखिरी फिल्मों में से एक मानी जा रही है।
बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने रिलीज के 16वें दिन 5.18 करोड़ रुपये की कमाई की है। दो हफ्ते बीत जाने के बाद भी फिल्म का 5 करोड़ से ऊपर कमाना इस बात का संकेत है कि दर्शकों का उत्साह अभी कम नहीं हुआ है।
हालांकि, शुक्रवार के मुकाबले शनिवार की कमाई थोड़ी कम रही, जिसकी एक वजह ‘राजा शिवाजी’ की रिलीज भी मानी जा रही है। इसके बावजूद ‘भूत बंगला’ की रफ्तार पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है।
फिल्म ने 16 दिनों में भारत में 137 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 162.73 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। वहीं विदेशों में भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिला है और इसका ओवरसीज कलेक्शन 55 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है।
इन सभी आंकड़ों को मिलाकर ‘भूत बंगला’ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन अब 217.73 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। 120 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म अब तक अपने बजट से लगभग 100 करोड़ रुपये ज्यादा कमा चुकी है।
फिल्म की मौजूदा रफ्तार को देखते हुए माना जा रहा है कि आने वाले दो हफ्तों तक इसकी कमाई जारी रह सकती है। अगर फिल्म इसी तरह स्थिर प्रदर्शन करती रही, तो 300 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड कलेक्शन भी इसके लिए मुश्किल नहीं होगा।